Headlines

सुसारी में सनसनी: घर में घुसे चोरों ने मेडिकल स्टोर और अलमारी खंगाली; 1.40 लाख नगद और जेवर पार

​धार। जिले के कुक्षी क्षेत्र के ग्राम सुसारी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर और उससे सटे मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

दुकान की दराज से लेकर बेडरूम की अलमारी तक खंगाली

​फरियादी अभिषेक पिता नवनीत कुमार जैन (40) निवासी सुसारी ने बताया कि वारदात 28 अप्रैल की रात 11 बजे से 29 अप्रैल की सुबह 6 बजे के बीच हुई। चोरों ने सबसे पहले मेडिकल स्टोर में प्रवेश किया और वहां काउंटर की दराज (ड्रॉअर) में रखे 60,000 रुपये निकाल लिए। बदमाशों का मन इतने से नहीं भरा, वे दुकान के पीछे बने कमरे तक जा पहुंचे। वहां रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 80,000 रुपये नगद, एक सोने की अंगूठी (वजन करीब 5 ग्राम) और पत्नी की चांदी की पायजेब चोरी कर ले गए।

अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

​सुबह जब परिवार सोकर उठा और सामान बिखरा देखा, तब चोरी का खुलासा हुआ। कुक्षी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदेही बदमाशों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।

“देर रात हुई इस वारदात ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने का दावा कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *