Headlines

धार में खाकी के घेरे में दो ‘दरिंदे’: कहीं कार में बनाया बंधक, तो कहीं शादी का झांसा देकर 3 साल तक किया शोषण

धार। जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के दो अलग-अलग थानों में दिल दहला देने वाले मामले दर्ज हुए हैं। सागौर में जहां एक 60 साल के बुजुर्ग ने कार के भीतर महिला की अस्मत लूट ली, वहीं राजगढ़ में एक युवक ने आदिवासी महिला को शादी का झांसा देकर तीन साल तक हवस का शिकार बनाया और उसे गर्भवती कर छोड़ दिया।

केस 01: सागौर में कार बनी ‘क्राइम सीन’, 60 साल के बुजुर्ग की घिनौनी करतूत

​सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम अचाना में एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां ‘मां विहार कॉलोनी’ के रहने वाले 60-65 वर्षीय राजेश दुबे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

  • वारदात: आरोपी ने सुनसान जगह पर कार रोककर फरियादी महिला को जबरदस्ती दबोच लिया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का मुंह दबा दिया और उसकी इच्छा के विरुद्ध बलात्कार किया।
  • धमकी: दरिंदगी के बाद आरोपी ने महिला को डराते हुए कहा— “अगर किसी को बताया या चिल्लाई, तो जान से खत्म कर दूंगा।”
  • पुलिस कार्रवाई: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64(1), 64(2)F, 127(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

केस 02: राजगढ़ में आदिवासी महिला से ‘धोखा’, झांसा देकर बनाया मां, फिर दी जान से मारने की धमकी

​राजगढ़ थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ लंबे समय तक हुए शोषण का मामला उजागर हुआ है। आरोपी बलराम चौहान ने पीड़िता के विश्वास का कत्ल किया।

  • 3 साल तक शोषण: आरोपी ने साल 2023 से अक्टूबर 2025 तक महिला को शादी का लालच देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म भी दिया।
  • बच्चे को भी खतरा: जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपनी बात से पलट गया और पीड़िता सहित नवजात बच्चे को भी जान से मारने की धमकी दी।
  • देर से क्यों हुई FIR: पीड़िता ने बताया कि वह खुद और उसका नवजात बच्चा बीमार थे। साथ ही सामाजिक बैठकों के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही थी, जिस कारण रिपोर्ट लिखवाने में देरी हुई।
  • एक्शन: पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 69, 351(3) और सख्त SC/ST एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है।

आखिर कब तक असुरक्षित रहेंगी बेटियां?

​जिले में बढ़ते ये मामले पुलिस की गश्त और ‘खौफ’ पर सवाल खड़े करते हैं। एक तरफ बुजुर्ग उम्र का तकाजा भूल रहे हैं, तो दूसरी तरफ शादी का झांसा देकर आदिवासी महिलाओं का शोषण बढ़ रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों ही मामलों में आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *