जीरो टॉलरेंस : उमरिया-सोनारखेड़ी मार्ग पर धरदबोचा, 20 क्विंटल लकड़ी के साथ वाहन जब्त
धार | जिले में लकड़ी तस्करों के खिलाफ वन मंडल ने कमर कस ली है। ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलते हुए वन विभाग की टीम ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर अवैध बबूल की लकड़ी से भरा एक वाहन जब्त किया गया है। विभाग की इस मुस्तैदी से माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
ऐसे बिछाया गया जाल
वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से लकड़ी का अवैध परिवहन होने वाला है। उनके मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन सैयदे ने एक विशेष गश्ती दल तैयार किया। टीम ने उमरिया से सोनारखेडी मार्ग पर मोर्चा संभाला। देर रात जब वाहन क्रमांक MP09 GE6808 वहां से गुजरा, तो टीम ने उसे रुकवाकर तलाशी ली।
मौके पर नहीं मिले दस्तावेज
वाहन की जांच करने पर उसमें करीब 20 क्विंटल बबूल की लकड़ी लदी मिली। वाहन चालक लोकेश (पिता भंवरसिंह, निवासी हाप्सखेडी) से जब लकड़ी की कटाई और परिवहन से जुड़े वैध कागजात मांगे गए, तो वह बगले झांकने लगा। कोई दस्तावेज न होने पर टीम ने तुरंत वाहन और लकड़ी को जब्त कर धार वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचा दिया।
कार्रवाई एक नजर में:
-
जब्त लकड़ी: लगभग 20 क्विंटल (बबूल)।
-
अनुमानित कीमत: ₹12,000 (बाजार मूल्य)।
-
आरोपी: लोकेश निवासी हाप्सखेडी।
-
जब्त वाहन: MP09 GE6808
“वन संपदा की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अवैध कटाई और परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं।” — विजयानंथम टी.आर., वन मंडल अधिकारी
इनकी रही सराहनीय भूमिका : इस सफल ऑपरेशन में वन रक्षक लक्ष्मण भवेल, नर्गेश चौहान और महेन्द्रसिंह डोमरे की भूमिका महत्वपूर्ण रही। फिलहाल विभाग ने वन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि इस खेल के पीछे और कौन-कौन से चेहरे शामिल हैं।
