चोरों ने ज्वेलरी दुकान, गैस एजेंसी और सूने मकान को बनाया निशाना
धार। धार जिले में बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए जमकर तांडव मचाया। जिले के मनावर और गंधवानी थाना क्षेत्रों में चोरों ने अलग-अलग तीन स्थानों पर धावा बोलकर लाखों रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सभी मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वारदात 1: मनावर में ज्वेलर्स की दुकान की छत काटकर 2 लाख रुपए की चोरी
सबसे बड़ी वारदात मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघाना में सामने आई। यहाँ मनावर रोड नाहल मोहल्ला स्थित ‘श्री शिवाय ज्वेलर्स’ को चोरों ने निशाना बनाया।
- कैसे दी अंजाम: चोर दुकान की छत पर पहुंचे और वहाँ लगे ओटीएस (OTS) की लोहे की सरिया वाली जाली को काटकर अंदर दाखिल हुए।
- क्या-क्या उड़ाया: दुकान के मालिक लोकेश पाटीदार के मुताबिक, चोर तिजोरी व काउंटर में रखी करीब 2 किलो पुरानी इस्तेमाल की हुई चांदी (पायले, कड़े, बिछिया), 10 जोड़ी नई चांदी की पायले, सोने के कान के सरे व बाली (8-8 जोड़ी), 1 ग्राम की सोने की मोहनमाला और हार सहित करीब 2 लाख रुपये की ज्वेलरी समेट कर रफूचक्कर हो गए। घटना शनिवार शाम 7 बजे से रविवार सुबह 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।
वारदात 2: गंधवानी में गैस एजेंसी का ताला तोड़ कंप्यूटर और इनवर्टर ले गए चोर
चोरी की दूसरी वारदात गंधवानी थाना क्षेत्र के कृषि उपज मंडी रोड पर स्थित गैस एजेंसी के ऑफिस में हुई। यहाँ शनिवार शाम से रविवार सुबह के बीच अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला।
- लाखों के उपकरण पार: फरियादी संदीप सोलंकी ने बताया कि देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने ऑफिस का ताला तोड़ा। चोर अंदर रखे 3 कंप्यूटर मॉनिटर, 2 इनवर्टर बैटरी, 1 प्रिंटर, 3 गैस चूल्हे, गैस नली का एक बॉक्स और रेगुलेटर के 2 बॉक्स सहित कुछ नगदी चुरा ले गए।
- कुल नुकसान: चोरी गए कुल सामान की कीमत करीब 86,000 रुपये आंकी गई है।
वारदात 3: गंधवानी की बघेल कॉलोनी में खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाश
गंधवानी में ही चोरों ने एक सूने मकान को भी अपना निशाना बनाया। बघेल कॉलोनी में रहने वाले संतोष नर्गेश के मकान में शनिवार रात 10 बजे से तड़के 2 बजे के बीच चोरी की यह वारदात हुई।
- अलमारी खंगाल ली: अज्ञात बदमाशों ने घर की खिड़की को बेरहमी से तोड़ा और अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी का ताला चटकाकर उसमें रखे सोने के छह मोती वाला मंगलसूत्र, दो अन्य मंगलसूत्र, एक चांदी की चेन और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
- कुल नुकसान: इस वारदात में फरियादी का करीब 30,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस मुस्तैदी पर उठे सवाल, जांच जारी
एक ही रात में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन ताबड़तोड़ चोरियों से इलाके के व्यापारियों और रहवासियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त कमजोर होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। फिलहाल दोनों थानों की पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का मुआयना कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
