धार। अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धामनोद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आईटीआई कॉलेज के पास निमरानी रोड पर घेराबंदी कर एक लग्जरी स्कार्पियो कार से अवैध हथियार के साथ दो आरोपियों को दबोचा है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी नाबालिग (बाल अपचारी) है, जिसके पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
यह पूरी कार्रवाई 30 मई की रात करीब 8:00 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि निमरानी रोड पर एक संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी घूम रही है, जिसमें सवार युवकों के पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस टीम ने आईटीआई कॉलेज के पास मोर्चा संभाला और घेराबंदी कर दी। जैसे ही काले रंग की महिंद्रा स्कार्पियो (रजिस्ट्रेशन नंबर MP 09 DY 9996) वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रुकवा लिया।
कमर में छिपाई थी पिस्टल, मैगजीन खुली तो निकले कारतूस
गाड़ी रुकवाते ही पुलिस ने जब उसमें सवार पहले युवक की तलाशी ली, तो हर कोई हैरान रह गया। 17 वर्षीय बाल अपचारी (निवासी कहार मोहल्ला, सुन्दरेल) की बाईं ओर कमर में एक हाथ की बनी लोहे की 32 बोर की देसी पिस्टल खोंसी हुई थी। जब पुलिस ने सूझबूझ से पिस्टल की मैगजीन निकालकर चेक किया, तो उसके अंदर दो नग 32 बोर के जिंदा कारतूस (राउण्ड) लोड मिले।
मामा के लड़के ने दी थी पिस्टल : जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो नाबालिग आरोपी ने उगल दिया कि यह पिस्टल उसे उसके मामा के लड़के यशपाल मेवाडे (पिता ओमप्रकाश मेवाडे, निवासी ग्राम बैगन्दा, धामनोद) ने दी थी। पुलिस ने मौके से ही दूसरे आरोपी यशपाल को भी हिरासत में ले लिया।
जब्ती और कार्रवाई का विवरण
पुलिस ने पंचों के समक्ष मौके पर ही निम्नलिखित सामग्री को जब्त कर लिया:
-
अवैध हथियार: 01 देसी लोहे की 32 बोर पिस्टल
-
कारतूस: 02 नग 32 बोर के जिंदा राउंड
-
वाहन: महिंद्रा स्कार्पियो कार (क्रमांक MP09DY9996)
25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
धामनोद थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इस अवैध पिस्टल को किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से लाए थे या फिर इसका इस्तेमाल सिर्फ धौंस जमाने के लिए किया जा रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
