पेट्रोल पंप पर लाइन तोड़ने पर पीटा, युवक को रोककर मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़
धार। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर मारपीट और गुंडागर्दी के दो अलग-अलग सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहली घटना में जहां पेट्रोल पंप पर लाइन में लगने जैसी मामूली बात पर विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, वहीं दूसरी घटना में एक युवक का रास्ता रोककर बेरहमी से मारपीट की गई और इस आपाधापी में पीड़ित के एक लाख रुपये व सोने की चेन भी गायब हो गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिलायंस जियो पेट्रोल पंप पर बवाल, बीच-बचाव करने आए कर्मचारी का मोबाइल तोड़ा
पहली घटना 6 जून की देर रात करीब 11:30 बजे की है। अर्जुन कॉलोनी निवासी अक्षय मिश्रा (30 वर्ष) माण्डव रोड स्थित रिलायंस जियो पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने गए थे। पंप पर आरोपी यासिम खान (निवासी कुम्हारगड्ढा, दिलावरा रोड) और उसके साथी ने लाइन में लगकर पेट्रोल भरवाने की बात को लेकर अक्षय से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और अक्षय को थप्पड़-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया। जब पंप कर्मचारी विजय कटारे ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और विजय का मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया। इस हमले में अक्षय के गले व हाथ के पंजे पर और कर्मचारी विजय के गले व अंगूठे पर चोटें आईं। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए। पुलिस ने मामले में धारा 296(a), 115(2), 324(2), 351(2), और 3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दिलावरा रोड पर युवक को घेर मारपीट कर स्कूटी तोड़ी, 1 लाख और सोने की चेन गायब
दूसरा मामला 7 जून की रात करीब 9:00 बजे का है। परदेशी मोहल्ला नौगांव के रहने वाले अभिषेक चौधरी (33 वर्ष) जब दिलावरा रोड पर भरत प्रजापत के ईंट भट्टे के सामने से गुजर रहे थे, तब उन पर हमला हुआ। आरोपी विनोद उर्फ बल्लु चौधरी (निवासी दीनदयालपुरम) और उसके एक अज्ञात साथी ने अभिषेक का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने अश्लील गालियां देते हुए हाथ-मुक्कों से अभिषेक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बेरहम मारपीट के दौरान अभिषेक की आंख की ऊपरी पलक, नाक, दाहिने कंधे और पैर के घुटने पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने पीड़ित की स्कूटी में भी जमकर तोड़फोड़ की। इस झूमाझटकी और अफरा-तफरी के बीच अभिषेक के पास मौजूद 1,00,000 रुपए नगद और सोने की चेन कहीं गिर कर गायब हो गई। वारदात यहीं नहीं रुकी, घटना के बाद आरोपी ने अभिषेक को फोन लगाकर दोबारा जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए देर रात 2:18 बजे ही धारा 126(2), 296(a), 115(2), 324(2), 351(4), और 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।
धार कोतवाली पुलिस ने दोनों ही मामलों को गंभीरता से लिया है। फरियादियों की शिकायत पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को रवाना कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही सभी कानून की गिरफ्त में होंगे।
