बेरहमी से भरे थे 56 भैंस के बच्चे कंटेनर में, दम घुटने से कई मवेशी गाड़ी में गिरे
धार। जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय सजग नागरिकों की मुस्तैदी से पशु तस्करी के दो बड़े मामलों का भंडाफोड़ हुआ है। तस्करों द्वारा बेजुबान जानवरों को गाड़ियों में इस कदर ठूस-ठूस कर भरा गया था कि दम घुटने के कारण कई मवेशी गाड़ी के अंदर ही गिर पड़े। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 66 मवेशियों को मुक्त कराते हुए आरोपियों के खिलाफ ‘पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960’ के तहत केस दर्ज किया है।
एबी रोड पर फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी, यूपी के तस्कर दबोचे
पहली घटना ग्राम धानी की है, जहां रविवार रात को एक बड़े कंटेनर में क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। फरियादी सन्नी पिता बाबूलाल जाट (निवासी ग्राम धानी) को रविवार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि इंदौर की तरफ से आ रहे एक लाल-कथै रंग के बड़े कंटेनर ट्राला (क्रमांक HP24E3880) में अवैध रूप से मवेशियों को भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सन्नी ने तुरंत इसकी जानकारी अपने साथी सोनू मीणा को दी और दोनों ग्राम धानी चौराहे पर पहुंचे। रात करीब 8:45 बजे जैसे ही वह संदिग्ध कंटेनर आता दिखा, ग्रामीणों ने अपनी गाड़ियां आगे अड़ाकर उसे बीच सड़क पर ही रोक लिया। जब कंटेनर की जांच की गई, तो उसमें कुल 56 काले रंग के पाडे (भैंस के बच्चे) बेहद बेरहमी से ठूस-ठूस कर भरे हुए थे। जानवरों के लिए न तो चारे का इंतजाम था और न ही पानी का। तड़प और दम घुटने के कारण 10 पाडे नीचे गिरकर अधमरे हो चुके थे। गाड़ी में एक ड्राइवर और दो अन्य लोग सवार थे। जब उनसे मवेशियों के परिवहन और परमिट से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे गोलमोल जवाब देने लगे। पुलिस ने नजरिया उर्फ नवाब (44 वर्ष), निवासी शामली, उत्तर प्रदेश, मोविन अब्बासी (29 वर्ष), निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश, इरफान को गिरफ्तार कर लिया है।
सुंद्रेल बाजार के पास पिकअप से 10 बैल जब्त, चालक फरार
दूसरा मामला धामनोद के ही ग्राम सुंद्रेल का है, जहां पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर रविवार सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक पिकअप गाड़ी में गोवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुंदरेल बाजार के पास घेराबंदी की। पुलिस ने वहां से एक पिकअप (क्रमांक MP09GH3228) को पकड़ा, जिसमें 10 छोटे-बड़े कैडे (बैल) क्रूरतापूर्वक भरे हुए थे। पुलिस ने पंचों के सामने मवेशियों और पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया है। हालांकि, पुलिस को देखकर पिकअप चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश जारी है।
धामनोद थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में तत्परता दिखाते हुए पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और इस रैकेट के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हुए हैं।

