Headlines

महिला विवाद की पंचायत में मची चीख-पुकार, दो मासूम बहनों की मौत, 21 हिरासत में

सरपंच के प्रेम-प्रसंग को लेकर बैठी थी आदिवासी समाज की बैठक, गांव में घुसी भीड़ ने की हवाई फायरिंग, हत्या या हादसा? उलझी गुत्थी

धार। धार जिले से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम जामपाड़ा में सोमवार की रात आदिवासी समाज की एक परंपरागत पंचायत चल रही थी। महिला संबंधी विवाद को सुलझाने बैठी यह पंचायत अचानक ‘खूनी अखाड़े’ में तब्दील हो गई। इस दौरान मचे बवाल में दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 21 लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, घटना को लेकर एक बड़ा ट्विस्ट भी सामने आया है, जिसने पूरी कहानी को उलझा दिया है।

धारदार हथियारों से हमला और हवाई फायरिंग

पूरा मामला ग्राम पंचायत हनुमंतिया के सरपंच से जुड़ा है, जो एक विवाहित महिला को अपने साथ रख रहे थे। इसी विवाद के निपटारे के लिए महिला के ससुराल पक्ष के लोग ग्राम पटलावदिया से जामपाड़ा पहुंचे थे। गांव के पास ही एक क्रिकेट मैदान पर दोनों पक्षों के बीच आदिवासी परंपरा के अनुसार ‘झगड़ा तुड़वाने’ (विवाद सुलझाने) की बैठक चल रही थी। बातचीत के दौरान सहमति नहीं बन पाई और बहस इतनी बढ़ी कि मामला हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि महिला पक्ष के लोग धारदार हथियारों के साथ गांव में घुस आए और तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हवाई फायरिंग की भी खबर है, जिससे गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

दो मासूम बच्चियों की मौत, परिजनों का संगीन आरोप

इसी अफरा-तफरी के बीच दिल दहला देने वाली वारदात की कहानी सामने आई। ग्राम जामपाड़ा निवासी दिनेश कटारा की दो मासूम बेटियां—ऋषिका (4 वर्ष) और शिवानी (5 वर्ष)—घर के बाहर खड़ी थीं। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए दोनों बच्चियों को उठाया और पास ही बने पानी के होद (टैंक) में डुबोकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव में आतंक मचाते हुए फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की सांसें थम चुकी थीं। गांव में पसरे भारी तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया है।

एसपी बोले—”कहानी कुछ और है”

धार एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि “घटनाक्रम के संबंध में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे संदेहास्पद प्रतीत होते हैं। कोई भी व्यक्ति अगर घटनास्थल को देखेगा, तो साफ समझ आएगा कि जिस तरीके से हत्या का दावा किया जा रहा है, वैसा होना संभव नहीं है।” एसपी शर्मा ने एक बड़ा अंदेशा जताते हुए कहा कि संभवतः दोनों बालिकाएं खुद कुएं या पानी में गिरी हों और बाद में मामले को नया मोड़ देने के लिए शवों को वहां रखा गया हो। एसपी ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों की रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अब तक की बड़ी बातें:

  • कहां की घटना: ग्राम जामपाड़ा, राजोद थाना क्षेत्र (धार)
  • विवाद की वजह: हनुमंतिया सरपंच और विवाहित महिला से जुड़ा आपसी विवाद।
  • मृतक: ऋषिका (4 वर्ष) और शिवानी (5 वर्ष)।
  • पुलिस एक्शन: 21 संदिग्ध हिरासत में, पूरे गांव में पुलिस बल तैनात।

सस्पेंस: पुलिस को अंदेशा कि हादसे को हत्या का रूप देने की कोशिश की गई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *