धार। धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ ग्राम भग्यापुरा में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 4 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। हथियारों से लैस इन बदमाशों ने न सिर्फ पूरे परिवार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, बल्कि सोने-चांदी के जेवरात और नकदी सहित करीब 95 हजार रुपये का मश्रुका लूटकर फरार हो गए।
‘चिल्लाए तो जान से मार देंगे…’ और शुरू हुआ आतंक
घटना रविवार रात (14 जून) करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच की है। ग्राम भग्यापुरा (पश्चिम) निवासी 60 वर्षीय दुधिया पिता किशन मुवेल अपने परिवार के साथ सो रहे थे। तभी अचानक दीवार लांघकर चार खूंखार बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों के हाथों में लाठी, फालिया और अन्य धारदार हथियार थे। बदमाशों ने घर में घुसते ही दुधिया और उनकी पत्नी भूरीबाई को दबोच लिया और धमकी दी—“चिल्लाना मत, नहीं तो जान से मार देंगे।” इसके बाद दो बदमाशों ने बुजुर्ग दंपत्ति को डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जबकि बाकी के दो बदमाश घर में रखे गोदरेज की अलमारी खंगालने लगे।
बचाने आए बेटों और पोते पर भी किया जानलेवा हमला
बदमाशों ने अलमारी से सोने के टाप्स, दो अंगूठी, चेन, नथ और चांदी की पायजेब निकाल ली। इसी बीच माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर उनका बेटा राजेश मुवेल जागा और उसने कमरे की लाइट चालू कर दी। लाइट जलते ही बौखलाए एक बदमाश ने राजेश के सीने पर भारी पत्थर दे मारा, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने राजेश की बिस्तर पेटी में रखे करीब 15 से 20 हजार रुपये भी लूट लिए। जब राजेश को बचाने उसका भाई लोकेश और दुधिया का पोता रोहित आगे आए, तो चारों बदमाशों ने उन पर भी लाठियों और लात-घूसों से हमला कर दिया। पूरे परिवार को लहूलुहान करने के बाद चारों बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
पुलिस महकमे में हड़कंप, बीएनएस की धारा में केस दर्ज
घायल परिवार ने जैसे-तैसे मनावर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) के तहत अज्ञात 4 बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना मनावर पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। ग्रामीण इलाके में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
