Headlines

धामनोद पुलिस का तुरंत एक्शन : 1 लाख की लूट का महज कुछ घंटों में खुलासा, राजगढ़ का शातिर आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों  की मदद से मिली धामनोद पुलिस को तुरंत सफलता

धार। बैंक से क्लेम की राशि निकालकर घर लौट रहे एक व्यक्ति से दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात को धामनोद पुलिस ने महज चंद घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न सिर्फ आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया, बल्कि उसके पास से लूटी गई 1 लाख रुपए की शत-प्रतिशत राशि भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद हरकत में आई टीम की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

बुधवार, 24 जून को गंधवानी के आवलीपुरा निवासी नितेश मुलेवा धामनोद के यूनियन बैंक से अपने वर्ष 2019 के सड़क दुर्घटना क्लेम की राशि एक लाख रुपए निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान महेश्वर चौराहे के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और रुपयों से भरा झोला छीनकर फरार हो गया। हमले में नितेश के पैर में चोट भी आई। पीड़ित की शिकायत पर धामनोद पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए धामनोद थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल/CCTV) और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने धामनोद के मंगल नगर क्षेत्र में घेराबंदी की और हुलिये से मैच खाते एक संदेही को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय सचिन सिसोदिया (निवासी ग्राम कड़िया, जिला राजगढ़) के रूप में हुई है, जो घटना के वक्त काले रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए पूरे एक लाख रुपए नकद बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए हैं।

धार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ पीड़ित को उसकी पूरी रकम वापस मिल सकी है, बल्कि इसने आम जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। गिरफ्तार आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता को लेकर पुलिस आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।

Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/DMxEpy4fe8lCDGLaQhvZFQ

website : jansamacharmp.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *