मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को घाटाबिल्लोद के मकान से किया गिरफ्तार
धार। महज एक साइकिल छुपाने जैसी छोटी सी बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ गई। धार जिले के पीथमपुर में आपसी कहासुनी के बाद तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के दो दिन के भीतर ही तीनों आरोपियों को एक मकान से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात 06 जुलाई को पीथमपुर थाना क्षेत्र में घटित हुई। यहाँ साइकिल छिपाने की बात को लेकर मृतक विष्णु का आरोपी गोपी, रवि और निर्भय सिंह के साथ तीखा विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी गोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विष्णु पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विष्णु को इलाज के लिए धार के भोज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के साथी विशाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 103(1), 296(बी) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीथमपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद ली और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि तीनों आरोपी घाटाबिल्लौद के चंदन नगर स्थित एक मकान में छिपे हुए हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए वहां दबिश दी और सेजवानी निवासी गोपी (28), चंदन नगर निवासी रवि (28) और निर्भय सिंह (40) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी गोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जप्त कर लिया गया है।
इस पूरी त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी सुनील शर्मा, चौकी प्रभारी घाटाबिल्लौद निलेश कुमार मालवीय, एएसआई नितिन पाटील और प्रधान आरक्षक व आरक्षकों की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहाँ से उन्हें जेल भेजने या पुलिस रिमांड पर लेने की अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस त्वरित गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगड़ने से समय रहते संभाल लिया गया है।
