Headlines

बेखौफ चोर :  एक ही रात में 7 किसानों के खेत से पानी की मोटरें फोड़ी, 40 हजार रुपए के कापर वायर चुराकर भागे

धार। धरमपुरी थाना क्षेत्र के डेडगाँव टाकापुरा में किसानों की मेहनत और सिंचाई के साधनों पर अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में डाका डाला है। एक ही रात में 7 अलग-अलग किसानों के खेतों में बनी पानी की मोटरों को निशाना बनाकर चोरों ने उनके भीतर से कीमती कॉपर वायर (तांबे के तार) पार कर दिए। इस वारदात से क्षेत्र के किसानों में आक्रोश का माहौल है।

अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 7 किसानों की 5-5 हॉर्स पावर की पुरानी पानी की मोटरों को तोड़-फोड़कर उनके अंदर का कॉपर वायर चुरा लिया गया। कुल चोरी गई सामग्री की कीमत लगभग 40 हजार रुपए बताई जा रही है। फरियादी सुरेश पिता रामसिंह जर्मन (उम्र 49 वर्ष) सहित गांव के अरविंद, फुलसिंह, शोभाराम, अर्जुन, कालू और जसमत की पानी की मोटरों को निशाना बनाया गया। घटना 21 जुलाई की शाम 7:00 बजे से 22 जुलाई की सुबह 7:00 बजे के बीच नहर के पास, टाकापुरा डेडगाँव, थाना धरमपुरी में घटित हुई। घटना की रिपोर्ट फरियादी ने 22 जुलाई बुधवार को शाम 6:00 बजे धरमपुरी थाने पहुंचकर दर्ज कराई। थाना देर से आने के कारण कायमी में विलंब हुआ।

फरियादी सुरेश ने पुलिस को बताया कि वे 21 जुलाई की शाम 7 बजे खेत में पानी की मोटर देखकर घर लौट आए थे। अगली सुबह 22 जुलाई को जब वे वापस खेत पहुँचे, तो देखा कि उनकी मोटर टूटी पड़ी थी और अंदर से कॉपर वायर गायब था। जब आसपास के खेतों की पड़ताल की गई, तो पाया गया कि पड़ोस के अन्य 6 किसानों की 5-5 HP की मोटरों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था। इसके बाद ग्रामीण एकजुट होकर धरमपुरी थाने पहुँचे और अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज करवाया।

खेतों से पानी की मोटरें और उनके कॉपर वायर चोरी होने की घटनाएं अक्सर फसलों की सिंचाई को सीधे तौर पर प्रभावित करती हैं। इस चोरी से न केवल किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि ऐन वक्त पर सिंचाई बाधित होने की आशंका भी बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *