Headlines

झाड़-फूंक के नाम पर दुष्कर्म : तांत्रिक की मदद करने वाले दो आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, बाइक जब्त

धार। बवासीर ठीक करने का झांसा देकर एक महिला के साथ तांत्रिक क्रिया के नाम पर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घिनौने अपराध में मुख्य आरोपी तांत्रिक कैलाश नर्गेश का साथ देने और पीड़िता को उस तक पहुँचाने वाले दो सह-आरोपियों को कुक्षी पुलिस की विशेष टीम ने महज़ 48 घंटे के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

घटना की शुरुआत 26 मार्च 2026 को हुई थी, जब पीड़िता का समधी रेवसिंह अपने साथी राकेश के साथ उसे मनावर बस स्टैंड से मोटरसाइकिल पर बैठाकर ग्राम कड़माल स्थित धन्नालाल मरोला के घर ले गया। वहाँ तांत्रिक कैलाश नर्गेश ने बीमारी ठीक करने का दावा करते हुए महिला के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर तांत्रिक विद्या से जान से मारने की धमकी दी। सहमे होने के कारण पीड़िता ने 19 जुलाई 2026 को थाना कुक्षी पहुँचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 127(1), 351(3), 70(1) और 142 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार के निर्देशन में निसरपुर चौकी की एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को खबर मिली कि आरोपी राकेश रावत (24 वर्ष) और रेवसिंह वास्केल (53 वर्ष) क्षेत्र छोड़कर भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर ग्राम सातपुरा (मंडावदा) से दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर कुक्षी न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स बाइक (MP-11-MV-3926), जिसकी कीमत लगभग 60,000 रुपये है, को भी जब्त किया है।

इस पूरी सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह चौहान, उनि रवि वास्के (चौकी प्रभारी निसरपुर), सउनि भुवान चौहान, प्रधान आरक्षक 624 किशोर, आरक्षक 265 थानसिंह, आरक्षक 55 रविन्द्र, आरक्षक 679 किशन, आरक्षक 90 गौरव, आरक्षक 968 सुभाष एवं महिला आरक्षक 1161 रोमा की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं का शोषण करने वाले गिरोहों और उनके सहयोगियों पर कुक्षी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी ताकि भविष्य में इस तरह की कुप्रथाओं और अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *