Headlines

संबल योजना की राशि पास कराने के एवज में 5 हजार रुपए रिश्वत लेती महिला वार्ड प्रभारी रंगे हाथों गिरफ्तार

आरोपी ने मांगे थे 20, बात 15 हजार पर हुई पक्की, पहली किश्त 5 लेते धराये 

इंदौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने एक बार फिर बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम के कर्मचारियों को घूस लेते रंगे हाथों धर दबोचा। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के सख्त निर्देशों और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त टीम ने पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए यह सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

यह मामला इंदौर जिले के भंवरकुआं स्थित डीडी गार्डन के पीछे की गली का है, जहाँ गुरुवार 23 जुलाई को लोकायुक्त पुलिस ने नगर निगम इंदौर के जोन क्रमांक 13 की वार्ड प्रभारी मास्टर संध्या पथरोड (40 वर्ष) को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। इस मामले में उनके सहयोगी वार्ड प्रभारी सहायक हरभजन सिंह सलूजा को भी सह-आरोपी बनाया गया है। 

शिकायतकर्ता आशीष चौधरी (22 वर्ष), निवासी लिंबोड़ी जिला इंदौर, ने अपने पिता की मृत्यु के बाद शासन की ‘संबल योजना’ के तहत मिलने वाली 2 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत कराने के लिए आवेदन दिया था। इस राशि को पास कराने के बदले दोनों आरोपियों द्वारा 20 हजार रुपए की घूस माँगी जा रही थी।

शिकायतकर्ता द्वारा 17 जुलाई को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में दर्ज कराई गई शिकायत का पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय ने सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी 15 हजार रुपए की राशि तीन अलग-अलग किस्तों में लेने पर सहमत हुए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और निरीक्षक प्रतिभा तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम (आरक्षक राकेश मिश्रा, शैलेंद्र सिंह बघेल, मनीष माथुर, आशीष नायडू, आदित्य सिंह भदोरिया और सतीश यादव) का गठन किया गया। आज जैसे ही पहली किश्त के रूप में 5 हजार रुपए दिए गए, लोकायुक्त टीम ने आरोपी को धर दबोचा।

आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त संगठन द्वारा लगातार की जा रही इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप व्याप्त है। 

लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इंदौर में कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो नागरिक सीधे लोकायुक्त पुलिस इंदौर के हेल्पलाइन नंबर 0731-2533160 या 0731-2430100 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *