Headlines

पवन चक्की से 80 लाख के केबल और उपकरण पार, दो लोकेशन पर अज्ञात चोरों का धावा

दसई क्षेत्र में बड़ी चोरी : विंड मिल से स्टार्टर-ओएफसी केबल और रेस्क्यू किट गायब

धार। क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोरों ने अब विंड एनर्जी कंपनियों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। दसई क्षेत्र में स्थित पवन चक्कियों से अज्ञात बदमाशों ने रात के अंधेरे में अति-आधुनिक केबल और कीमती उपकरण पार कर दिए। इस दुस्साहसिक चोरी से कंपनी को लगभग 80 लाख रुपये का फटका लगा है। मामले में फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिला व पुरुष आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला 19 और 20 जुलाई की दरमियानी रात का है। फरियादी जयकिशोर शर्मा (उम्र 40 वर्ष), जो ‘स्टैंडर्ड सिक्युरिटी एण्ड मेन पावर सर्विस’ में फील्ड ऑफिसर हैं, ने बताया कि 19 जुलाई की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपने ड्राइवर भेरू मकवाना के साथ सभी लोकेशन की रूटीन चेकिंग की थी, तब सब कुछ सुरक्षित था। लेकिन अगले दिन 20 जुलाई की सुबह करीब 07:30 बजे जब वे दोबारा चेकिंग पर निकले, तो चोरी का पता चला।

कहाँ और कितना नुकसान हुआ

  • लोकेशन नंबर 117 (ग्राम कोटड़ा कला) : यहाँ से स्टार्टर केबल, रोटर केबल, अर्थिंग केबल, 4G व 5G केबल, कंवर्टर अर्थिंग केबल, ओएफसी केबल, रेस्क्यू किट, डोर वेंटिलेशन असेंबली, एल्युमीनियम स्टार्टर केबल और स्पेयरिंग वायर रोप गायब मिले। इसकी अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है।
  • लोकेशन नंबर 110 (ग्राम कपस्थल) : यहाँ से भी स्टार्टर केबल, रोटर केबल, अर्थिंग केबल, 4G व 5G केबल, कंवर्टर अर्थिंग केबल, ओएफसी केबल और रेस्क्यू किट चोरी हुए। इसकी कीमत भी लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।

घटना के बाद कंपनी स्तर पर अधिकारियों को सूचित करने व आसपास तलाश करने के उपरांत मामला पुलिस तक पहुँचा। चौकी दसई (अपराध क्रमांक 084/26) के माध्यम से थाना अमझेरा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात महिला व पुरुष आरोपियों के खिलाफ 23 जुलाई गुरुवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। फरियादी द्वारा चोरी गए सामान के बिल पृथक से प्रस्तुत किए जाएंगे।

स्टैंडर्ड सिक्युरिटी एण्ड मेन पावर सर्विस में फील्ड आफिसर जयकिशोर पिता वंशगोपाल शर्मा ने जनसमाचार एमपी को बताया कि हमारी कंपनी की लोकेशन नंबर 117 से चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए है और लोकेशन नंबर 110 से चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए है। कुल मिलाकर कंपनी को इस चोरी से करीब 80 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पवनचक्की के पार्टस, केबल और अन्य सामान बहुत महंगे आते है।

पवन चक्की में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और केबल बेहद महंगे और तकनीकी रूप से संवेदनशील होते हैं। इतनी बड़ी मात्रा में केबल और उपकरणों की चोरी से न केवल कंपनी को वित्तीय नुकसान हुआ है, बल्कि बिजली उत्पादन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्थित अन्य विंड मिल लोकेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

मुख्य बिंदु

  • पीड़ित (फरियादी) : जयकिशोर पिता वंशगोपाल शर्मा (फील्ड ऑफिसर, स्टैंडर्ड सिक्युरिटी एण्ड मेन पावर सर्विस)
  • घटना स्थल : ग्राम कोटड़ा कला (लोकेशन 117) एवं ग्राम कपस्थल (लोकेशन 110)
  • संबंधित थाना/चौकी : थाना अमझेरा / चौकी दसई
  • धारा : 303(2) बी.एन.एस. 
  • कुल अनुमानित नुकसान : 80 लाख रुपए (40 लाख + 40 लाख)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *