भोपाल। मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुखवीर सिंह की जिम्मेदारियों का विस्तार किया है। लोक निर्माण विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे सुखवीर सिंह को अब स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और गैस त्रासदी राहत जैसे महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (मंत्रालय, भोपाल) द्वारा 24 जुलाई शुक्रवार को जारी आधिकारिक आदेश (क्रमांक ई-1/107/2026/5/एक) के तहत यह नया प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।
आदेश के अनुसार, 1997 बैच के आईएएस अधिकारी श्री सुखवीर सिंह, जो वर्तमान में मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग में प्रमुख सचिव के रूप में कार्यरत हैं, उन्हें उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक निम्नलिखित विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है:
- प्रमुख सचिव: लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग
- प्रमुख सचिव: भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग
- आयुक्त: खाद्य सुरक्षा, मध्य प्रदेश (भोपाल)
यह आदेश मध्य प्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल द्वारा जारी किया गया है।
इस नई व्यवस्था के तहत IAS सुखवीर सिंह अब लोक निर्माण के साथ-साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य सुरक्षा व्यवस्था और भोपाल गैस त्रासदी पीड़ितों से जुड़े राहत कार्यों की कमान एक साथ संभालेंगे। प्रशासनिक स्तर पर एक ही वरिष्ठ अधिकारी को इन बहुआयामी और संवेदनशील विभागों की जिम्मेदारी मिलने से नीतिगत निर्णयों और विभागीय समन्वय में तेजी आने की संभावना है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

