जिला प्रशासन ने 1 लाख रुपये देकर किया सम्मानित
धार। अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर देश-विदेश के खेल मंचों पर तिरंगा लहराने वाली धार जिले के सरदारपुर की प्रतिभावान फुटबॉलर ज्योति चौहान को जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।
हाल ही में धार जिले के कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राजीव रंजन मीना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाली फुटबॉलर ज्योति चौहान को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खिलाड़ी की खेल गतिविधियों में सहयोग करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
फुटबॉलर ज्योति चौहान ने अपने असाधारण खेल कौशल और प्रदर्शन के बल पर धार जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है। जिला प्रशासन और स्थानीय खेल प्रेमियों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
