Headlines

खाद्य सुरक्षा टीम का छापा : 3 डेयरी संचालकों पर प्रकरण दर्ज, एक दुकान बंद

धार में मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा, 8 दूध के सैंपल भोपाल भेजे

धार। अगर आप दूध और उससे बने उत्पादों की शुद्धता को लेकर चिंतित हैं, तो जिला प्रशासन का यह कदम आपको राहत दे सकता है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के आदेश पर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ा और प्रभावी जांच अभियान चलाया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष खेडकर की अगुवाई में 24 और 25 जुलाई को डही और मनावर तहसील के ग्रामीण व शहरी इलाकों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दो दिवसीय अभियान के तहत बस स्टैंड डही स्थित मां मोगल दूध डेयरी, ग्राम देवगढ़ में कन्हैया पाटीदार के फार्महाउस, गणपुर चौकड़ी की दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था, मनावर के लवेश दूध दही भंडार, धार रोड स्थित राधा कृष्ण दूध डेरी, पिकअप वाहन से दूध परिवहन कर रहे अरुण गेहलोत तथा बीएमसी बालीपुर के बाबूलाल देवड़ा के ठिकानों पर जांच की गई।

पूरी कार्यवाही के दौरान कुल 8 दूध (गाय, भैंस और मिक्स) के नमूने जब्त किए गए तथा बिना खाद्य पंजीयन के कारोबार करने पर 3 दुकानदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर एक दुकान को बंद करवाया गया।

प्रशासन द्वारा जब्त किए गए सभी 08 नमूनों को परीक्षण के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के कड़े प्रावधानों के तहत संबंधितों पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिला प्रशासन के इस कड़े रुख से मिलावट करने वालों में हड़कंप है और अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए ऐसा सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *