धार। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धार आबकारी विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए धरमपुरी क्षेत्र में एक चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में अवैध मदिरा बरामद की गई है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 8.71 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देशों और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। 28 जुलाई मंगलवार को सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशान्त मंडलोई के नेतृत्व और वृत्त प्रभारी अधिकारी अविनाश भूरिया की टीम द्वारा ग्राम धेगदा रोड (धरमपुरी) पर घेराबंदी की गई। तलाशी के दौरान सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी बोलेरो (क्रमांक MP 04 ZO 3852) से कुल 171.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद हुई। इसमें देशी प्लेन मदिरा, लेमाउण्ट और किंगफिशर केन बियर, लन्दन प्राइड तथा मैजिक मूमेन्ट ओरेंज वोदका के पाव शामिल हैं। गाड़ी में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस सफल अभियान में आबकारी आरक्षक पुरुषोत्तम गौतम, प्रियंका सोलंकी और नगर सैनिक गोविंद वास्केल का विशेष योगदान रहा।
मामले में अज्ञात वाहन चालक व मालिक के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। आबकारी विभाग अब वाहन क्रमांक के आधार पर आरोपी की पतासाजी में जुटा है, जिससे इलाके में सक्रिय अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ होने की उम्मीद है।
