धार। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत धामनोद पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आबकारी एक्ट के मामले में पिछले 07 वर्षों से लगातार चकमा दे रहे एक स्थाई वारंटी को पुलिस ने आखिरकार धर दबोचा। पुलिस की यह कार्रवाई नशा संबंधी अपराधों और वर्षों से पेंडिंग पड़े मामलों को निपटाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
27 जुलाई सोमवार को धामनोद पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पुराने मामले का वांछित आरोपी महेश्वर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घूम रहा है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी की और आरोपी रवि (पिता विक्रम मकवाना, उम्र 27 वर्ष), निवासी संजय नगर, धामनोद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी माननीय न्यायालय के आरसीटी क्रमांक 470/2019 और धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पिछले 7 सालों से फरार चल रहा था।
यह पूरी कार्रवाई धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में पूरी की गई। इस सफल कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र सिंह ठाकुर, आरक्षक रविन्द्र जमरे, आरक्षक अरविंद पंवार और आरक्षक वकील चौहान की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के बीच कड़ा संदेश गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से पुलिस आने वाले दिनों में फरार आरोपियों की धरपकड़ और तेज करेगी।
