धार पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन आयोजित, डीआईजी ने सुनीं जवानों की समस्याएँ
धार। पुलिस महकमे में अनुशासन, जनसेवा और उच्च कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धार पुलिस लाइन में विशेष गतिविधियों और वार्षिक निरीक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान न केवल पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर सीधा संवाद हुआ, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।
इंदौर ग्रामीण रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने धार पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने। कार्यक्रम के दौरान धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर समेत जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्ड द्वारा दिए गए औपचारिक सम्मान से हुई। इसके बाद “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान की थीम पर आधारित बैज लगाकर अतिथियों का स्वागत किया गया। सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीआईजी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था संभालना नहीं है, बल्कि सामाजिक बुराइयों को दूर करना भी उसका नैतिक दायित्व है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और जनता की साझी भागीदारी पर जोर दिया।
कार्यक्रम में 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे उप निरीक्षक लोकेश चौधरी (थाना पीथमपुर) और उप निरीक्षक कमल किशोर चौहान (थाना कानवन) को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। डीआईजी ने परिसर के मोतीवन में पौधारोपण किया और वाहनों, शस्त्रागार, शाखाओं तथा आवासीय परिसर का विस्तृत जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसपी सचिन शर्मा, एएसपी विजय डावर, एएसपी पारूल बेलापुरकर, सीएसपी पीथमपुर कमल सिंह चौहान, सीएसपी धार शशांक सिंह गुर्जर, एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार, एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता, एसडीओपी मनावर बृजेश कुमार मालवीय, एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह, एसडीओपी बदनावर अरविंद सिंह तोमर, उप पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश अहीर, उप पुलिस अधीक्षक कैलाश बारिया, उप पुलिस अधीक्षक संजय रावत, उप पुलिस अधीक्षक कैलाश चौहान, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई, रक्षित निरीक्षक रोहित निकम, रक्षित निरीक्षक बंशीलाल कन्नौजे, रक्षित निरीक्षक नितेश राठौड़, सूबेदार रविन्द्र कुशवाह सहित इकाई धार के समस्त थाना प्रभारी तथा पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय धार के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
धार पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान क्षेत्र में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। वार्षिक निरीक्षण और सैनिक सम्मेलन जैसे आयोजनों से जहाँ एक ओर पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है और आंतरिक समस्याएँ हल होती हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे अभियान जन-जन तक पहुँचकर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करते हैं।
