Headlines

सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन अलर्ट

भोजशाला परिसर के आसपास कलेक्टर–एसपी ने किया निरीक्षण, शांति व्यवस्था के साथ लागू होगी रणनीति

धार। माननीय सर्वोच्च न्यायालय से प्राप्त नए निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ भोजशाला के पीछे स्थित स्थल का मौका मुआयना किया और क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थल पर उपलब्ध स्थान को नक्शे से मिलाकर वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा रहा है। इसके बाद राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ एक आंतरिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आदेश के क्रियान्वयन और सुरक्षा रणनीति का अंतिम खाका तैयार होगा।

कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सभी पक्षों के साथ समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया में है। कलेक्टर ने बताया कि कल शुक्रवार की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से बनाने के लिए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी। संवाद के माध्यम से समुदाय की मंशा और भावी कदम जानकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी, ताकि क्षेत्र में सौहार्द और शांति कायम रहे।

सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को बिना किसी बाधा और शांतिपूर्ण ढंग से लागू कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। आदेश का विस्तृत अध्ययन कर और स्थल की जमीनी हकीकत को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अपनी आगे की रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *