अज्ञात बदमाशों पर प्रकरण दर्ज, पुलिस 3 अज्ञात आरोपियों की कर रही तलाश
धार। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर 03 स्थित एक कंपनी के गेट पर देर रात गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमले की वारदात सामने आई है। संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवकों से महज इतना पूछना कि ‘यहाँ क्यों घूम रहे हो’, गार्ड्स को भारी पड़ गया। युवकों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि अचानक चाकू से हमला कर दो गार्ड्स को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना 30 जुलाई की रात करीब 10:00 बजे परसरामपुरिया कंपनी के गेट नंबर 02 के सामने हुई। लोकेटर सिक्योरिटी कंपनी में पदस्थ गार्ड हरदास चौहान की शिकायत के अनुसार, ड्यूटी के दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति कंपनी के बाहर पैदल घूमते दिखाई दिए। संदेह होने पर उन्होंने वॉकी-टॉकी से अपने सहकर्मियों सौरभ कटारे, राघवेंद्र भदौरिया, इन्दरसिंह भूरिया और अमित रजावत को एम्बुलेंस के साथ मौके पर बुलाया। जब टीम ने उनसे रात में वहाँ घूमने का कारण पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर सौरभ कटारे के बाएँ हाथ और जाँघ पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। बीच-बचाव करने आए राघवेंद्र भदौरिया पर भी आरोपी ने पीठ पर चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद तीनों अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को मोरिया कंपनी की एम्बुलेंस से श्रीनाथ अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर के चोइथराम अस्पताल रैफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। फरियादी हरदास ने अपने वरिष्ठ सुपरवाइजर अजीज शेख के साथ थाना पीथमपुर पहुँचकर 31 जुलाई शुक्रवार को दोपहर 01:46 बजे मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(वी), 118(1) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर हमलावरों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। औद्योगिक क्षेत्र में देर रात हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय कंपनियों में चिंता का माहौल है।
