Headlines

धार : कट्टा दिखाकर कियोस्क संचालक से 90 हजार नगदी, लैपटॉप व बायोमेट्रिक डिवाइस की लूट

राजगढ़ थाना अंतर्गत दिनदहाड़े चार अज्ञात बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम

धार। दुकान बंद कर घर लौट रहे एक कियोस्क संचालक और उसके साथी को कट्टा दिखाकर चार अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट लिया। बेखौफ बदमाशों ने तमंचे की नोक पर रुपयों और बैंक के जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग छीना और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

यह वारदात शनिवार, 1 अगस्त की शाम करीब 5:56 बजे तिरला-राजगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के पास स्थित इमली के पेड़ के समीप हुई। छड़ावद निवासी 24 वर्षीय फरियादी रवि (पिता हरीसिंह राठौर) अपने साथी कुणाल के साथ तिरला स्थित कियोस्क सेंटर बंद कर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर कुणाल के पास मौजूद नीले रंग का बैग लूट लिया और तिरला की ओर भाग निकले। बैग में 90,000 रुपये नगद, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, दो फिंगरप्रिंट स्कैनर, एक जीपीएस डिवाइस, बंधन बैंक व HDFC बैंक के एक-एक एटीएम कार्ड, महाराष्ट्र बैंक के दो एटीएम कार्ड और दो चेकबुक रखी हुई थीं।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना राजगढ़ में 1 अगस्त शनिवार को रात 11:50 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।

दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर हुई इस डकैती/लूट की घटना से स्थानीय व्यापारियों और कियोस्क संचालकों में भय का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की पतासाजी शुरू कर दी है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *