आक्रोशित परिवार शव लेकर करीब पांच घंटे से चौकी पर दे रहे है धरना
धार। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी बाइक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित लोग मृतक का शव लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गए और परिसर में ही धरने पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ हुई उग्र नारेबाजी से मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। आक्रोशित परिजन दसई चौकी पर सुबह करीब 9 बजे से बैठे है। पुलिस चौकी पर धरना प्रदर्शन करते उन्हें करीब 5 घंटे हो गए है, लेकिन वे लोग पुलिस अधीक्षक को दसई चौकी पर बुलाने के लिए अड़े हुए है।
यह पूरा मामला धार जिले की सरदारपुर तहसील का है। अमझेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दसई चौकी के ग्राम बामनखेड़ी निवासी 40 वर्षीय मुकुंद पिता बाबूलाल, 9 जुलाई की रात दसई के पास गंगाजलिया पुलिया के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही शिवा पिता हेमेंद्र ने अपनी बिना नंबर की बाइक से पीछे से टक्कर मार दी थी। जिला अस्पताल में उपचाराधीन मुकुंद ने रविवार सुबह करीब 6 बजे दम तोड़ दिया, जिसके बाद सुबह 9 बजे परिजन शव के साथ दसई चौकी पर एकत्र हो गए। आक्रोशित परिजन दसई चौकी पर सुबह करीब 9 बजे से बैठे है। पुलिस चौकी पर धरना प्रदर्शन करते उन्हें करीब 5 घंटे हो गए है, लेकिन वे लोग पुलिस अधीक्षक को दसई चौकी पर बुलाने के लिए अड़े हुए है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने के प्रयास शुरू किए। अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना और चौकी प्रभारी दिनेश यादव ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और उनकी मांगों को सुना। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को शांत कराने और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाइश दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 9 जुलाई को हुए इस हादसे के बाद से ही पीड़ित पक्ष न्याय की गुहार लगा रहा था। चौकी प्रभारी दिनेश यादव के अनुसार पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस प्रशासन परिजनों को मनाकर स्थिति को सामान्य करने में जुटा है, वहीं परिजन आरोपी की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई के आश्वासन तक धरना खत्म न करने पर अड़े हुए हैं।

