पिछले एक हफ्ते में धार जिले में अपहरण और व्यपहरण के बढ़े केस
धार। धार जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक ही दिन में अपहरण, व्यपहरण और संदिग्ध गुमशुदगी के 12 मामले सामने आए हैं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इन सभी मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिछले एक हफ्ते में धार जिले में अपहरण और व्यपहरण के केस लगातार बढ़ रहे है।
1 अगस्त शनिवार को धार जिले के नौगांव, कुक्षी, तिरला, कोतवाली धार, मनावर, गंधवानी, सेक्टर-1 (पीथमपुर), राजगढ़, धामनोद, कानवन और बदनावर थानों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (मुख्यतः धारा 140(3), 140(2) और 137(2)) के तहत ये मामले दर्ज किए गए। दर्ज शिकायतों के अनुसार, लापता होने वालों में नौजवान, लड़कियां और एक 14 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। अभी देखने आ रहे है कि पिछले एक हफ्ते से धार जिले में अपहरण और व्यपहरण के केस में बढ़ोतरी एकदम से हुई है। इससे पुलिस महकमे में चिंता बढ़ गई है।
अधिकांश मामलों में परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रमुख मामलों का संक्षिप्त ब्योरा:
- राजगढ़ (सुसाइड मैसेज और अपहरण की आशंका) : राजगढ़ के विजय नगर निवासी अरविंद शर्मा (26 वर्ष) अपनी बाइक से निकलने के बाद लापता हो गए। रात में उन्होंने पारिवारिक व्हाट्सएप ग्रुप पर एक सुसाइड नोटनुमा मैसेज भेजा, जिसमें लिखा कि “मैं अपनी मर्जी से कदम उठा रहा हूं, मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं।” इसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है। परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका अपहरण कर कहीं छिपा रखा है।
- बदनावर (नाबालिग का अपहरण) : राजस्थान के पाली जिले की निवासी चौथीबाई ने बदनावर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका 14 वर्षीय नाबालिग बेटा कपूराराम भैंसोला रोड पर पानी पीने का बोलकर गया था, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया।
- नौगांव थाना (आरएमसी प्लांट से अपहरण) : रेल्वे के आरएमसी प्लांट जामंदा में काम करने वाले कर्मचारी दिनेश मार्को (30 वर्ष) को 15 जून से कोई अज्ञात व्यक्ति गुप्त रूप से बंदी बनाने के उद्देश्य से अपहरण कर ले गया है। वहीं नौगांव के ही दूसरे मामले में मेहंदीखेड़ी से एक लड़की के अपहरण का मामला दर्ज हुआ है।
- अन्य थाने : इसके अलावा कोतवाली धार, तिरला, कुक्षी, गंधवानी, सेक्टर-1 पीथमपुर, धामनोद और कानवन में भी अज्ञात लोगों द्वारा परिजनों को बहला-फुसलाकर या जबरन अगवा कर ले जाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस कर रही प्रयास
धार जिले में एक साथ इतने बड़े पैमाने पर गुमशुदगी और अपहरण के मामले सामने आने से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी थानों में अलग-अलग टीमें गठित कर लापता व्यक्तियों की लोकेशन ट्रेस करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में पुलिस पर इन सभी मामलों का त्वरित खुलासा करने और लापता लोगों की सुरक्षित बरामदगी का भारी दबाव रहेगा।
