हत्या के प्रयास व SC/ST एक्ट में कोतवाली थाने में मामला दर्ज
धार। धार शहर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हुए प्राणघातक हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को धर-दबोचा है। बस स्टैंड पर हुए इस सनसनीखेज घटनाक्रम के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी/एसटी कानून की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया है।
यह पूरी वारदात 14 जुलाई 2026 की रात लगभग 10:45 बजे धार के बस स्टैंड स्थित इमली के पेड़ के पास घटित हुई। रैदास मार्ग निवासी 22 वर्षीय ऋतिक वाघेला को पूर्व विवाद के चलते आरोपी अबुल उर्फ चुचु और उसके साथियों ने घेर लिया। हमले के दौरान अबुल ने जान से मारने की नीयत से ऋतिक के सिर, सीने, पीठ और हाथों पर लोहे की टामी से ताबड़तोड़ वार किए, जबकि अन्य साथियों ने लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित फरियादी ऋतिक ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों मोहम्मद नवाब उर्फ बाबू, सुल्तान खान उर्फ इरशाद, मोहम्मद अहमद उर्फ शाहिल, मोहम्मद, सलमान और मोहम्मद हुसैन उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की टामी भी बरामद कर ली गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान के नेतृत्व में हुई इस सफल कार्रवाई से शहर में कानून-व्यवस्था कायम रखने का मजबूत संदेश गया है। पुलिस प्रशासन अब पकड़े गए सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटा है, जिससे मामले में निष्पक्ष विवेचना और अदालत में सख्त पैरवी सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान के नेतृत्व में निरीक्षक अशोक लहरी, प्रधान आरक्षक 216 सुनील, प्रधान आरक्षक 94 धर्मेंद्र एवं आरक्षक 137 राममूर्ति की सराहनीय भूमिका रही।
