Headlines

धार : कालीबावड़ी में जल्द खुलेगी नई पुलिस चौकी, एसपी कार्यालय ने मुख्यालय भेजा प्रस्ताव

धार। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा तथा त्वरित पुलिस सहायता से जुड़ी लंबे समय पुरानी मांग अब साकार होती दिख रही है। धरमपुरी क्षेत्र के ग्राम कालीबावड़ी में नई पुलिस चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया को पुलिस प्रशासन ने आधिकारिक रूप से आगे बढ़ा दिया है।

धार जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, धरमपुरी थानांतर्गत ग्राम कालीबावड़ी में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों द्वारा समय-समय पर विभिन्न माध्यमों से इस चौकी की मांग उठाई जा रही थी। वर्तमान में पुलिस विभाग द्वारा इस प्रकरण पर सतत अनुसरण (फॉलो-अप) किया जा रहा है, और प्रचलित नियमों तथा उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप चौकी स्थापना की कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है।

मिलेगी त्वरित सहायता और सुरक्षा

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और नागरिकों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। पुलिस विभाग स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था को जल्द लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

असामाजिक तत्वों पर लगेगा अंकुश

धरमपुरी थाना क्षेत्र का यह इलाका लंबे समय से त्वरित पुलिस सहायता की आवश्यकता महसूस कर रहा था। नई पुलिस चौकी की स्थापना से न केवल कालीबावड़ी और आसपास के गांवों में पुलिस की उपस्थिति मजबूत होगी, बल्कि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता पहुँचाने में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *