Headlines

धार में सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाएगा ‘विश्व आदिवासी दिवस’

पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक, दिए जरूरी निर्देश

धार। आगामी ‘विश्व आदिवासी दिवस’ के दौरान शहर में सामाजिक समरसता, अनुशासन और सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को पूरी तरह से शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस और स्थानीय नागरिकों के बीच आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

इसी कड़ी में आज गुरुवार को धार स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 9 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रमों और जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हुई इस बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) आनंद तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी नौगांव सहित पुलिस अधिकारियों ने आयोजन समिति के पदाधिकारियों, समाज के वरिष्ठजनों और गणमान्य नागरिकों के साथ विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने समाजजनों से सामाजिक समरसता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही जुलूस को पूर्ण अनुशासन में निकालने, समाज में व्याप्त कुरीतियों व मद्यपान से दूर रहने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी। इसके अलावा यातायात और सुरक्षा प्रबंधों को सुचारू रखने के लिए निर्धारित मार्गों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

जवाब में आयोजन समिति के प्रतिनिधियों और समाज के वरिष्ठजनों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विश्व आदिवासी दिवस का यह आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में ही संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *