धार। रास्ते का विवाद कब हिंसक रूप ले ले, कहा नहीं जा सकता। जमीन से गुजरने वाले रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कुछ दबंगों ने एक महिला और उसके परिवार पर नुकीली वस्तु व पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।
जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी में शुक्रवार, 7 अगस्त की सुबह करीब 9:00 बजे रास्ते के विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। फरियादी 50 वर्षीय शारदा बाई अपने घर में खाना बना रही थीं, तभी गांव के गोरेलाल, करण और सिताराम रास्ते की बात को लेकर गालियां देने लगे। विरोध करने पर गोरेलाल ने नुकीली वस्तु से शारदा बाई पर हमला कर दिया, जिससे उनकी कलाई में चोट आ गई। जब उनके बेटे अनिल और पति उदेसिंह ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपियों (गोरेलाल, करण, सिताराम और संतोष) ने उन पर भी हमला किया व पत्थर मारे, जिससे पति के कान के पास गंभीर चोट आई।
घटना के बाद पीड़िता शारदा बाई ने अपने पति और बेटे के साथ धरमपुरी थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों गोरेलाल, करण, सिताराम और संतोष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(b), 115(2), 118(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
