सोने की चेन व पल्सर जब्त, धामनोद की लूट का भी पर्दाफाश
धार। शहर के त्रिमूर्ति नगर इलाके में हुई दिनदहाड़े चेन झपटमारी की वारदात को सुलझाते हुए कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच और धामनोद पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन (पेंडल सहित) और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
30 जुलाई को त्रिमूर्ति नगर निवासी महिला के साथ सोने की चेन झपटने की घटना घटी थी। महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 421/2026 (धारा 304(2) बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय किया। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मानपुर निवासी मनीष भाभर (19), संजय गिरवाल (30) और धार के दौलतनगर निवासी कमल चौहान (19) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि पकड़े गए आरोपी थाना धामनोद में दर्ज अपराध क्रमांक 362/2026 (धारा 309(6) बीएनएस) की लूट के मामले में भी वांछित थे। उनके कब्जे से धामनोद क्षेत्र की लूट में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी बरामद की गई है।
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कड़ाई से पूछताछ करने पर क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं और झपटमारी की वारदातों का भी पर्दाफाश हो सकता है।
