Headlines

राजाधिराज रूप में दर्शन देंगे बाबा धारनाथ, 7 सितंबर को निकलेगी भव्य शाही पालकी

धर्म स्थान रक्षक मंडल की बैठक में बनी कार्ययोजना

धार। श्रावण माह के पूर्ण होने के बाद बाबा धारनाथ धारेश्वर महादेव एक बार फिर अपनी प्रजा का हालचाल जानने और उन्हें दर्शन देने के लिए शाही पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। शहर के प्राचीन धारेश्वर मंदिर प्रांगण से निकलने वाली इस भव्य शाही यात्रा को लेकर धर्म प्रेमी जनता में खासा उत्साह है। धर्म स्थान रक्षक मंडल की हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा के पूरे खाके को अंतिम रूप दे दिया गया है।

यह पारंपरिक शाही पालकी यात्रा 7 सितंबर को शाम 4 बजे धारेश्वर मंदिर प्रांगण से शुरू होगी। धर्म स्थान रक्षक मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष डॉ. शरद विजयवर्गीय ने की। महामंत्री ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए मांझी समाज के युवा बाबा की पालकी को अपने कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराएंगे। यात्रा की शुरुआत से पूर्व भगवान धारेश्वर का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा, जिसके बाद परंपरा अनुसार उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा। इसके बाद ढोल-धमाके, बैंड-बाजे और झांझ-मजीरों के शाही अंदाज के साथ बाबा की पालकी नगर में प्रवेश करेगी।

इन प्रमुख मार्गों से गुजरेगी शाही यात्रा

बाबा धारनाथ की शाही पालकी छबीना का मार्ग तय कर दिया गया है। यह यात्रा छत्रीपाल चौराहा से शुरू होकर हटवाड़ा, पीपली बाजार, आनंद चौपाटी, धानमंडी, कश्यप भवन, बख्तावर मार्ग, मोहन टॉकीज, उटावद दरवाजा, पुनः धानमंडी, सेनापति मार्ग, पट्ठा चौपाटी, नालछा दरवाजा, पौ चौपाटी, राजबाड़ा, आनंद चौपाटी और शनिगली से होते हुए वापस धारेश्वर मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु अपने-अपने घरों और दुकानों से ही बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।

11 हजार रुद्राक्ष का होगा वितरण

इस पावन अवसर पर समिति के पदाधिकारी आशुतोष विजयवर्गीय की ओर से श्रद्धालुओं को 11 हजार अभिमंत्रित रुद्राक्ष का प्रसाद रूप में वितरण किया जाएगा। हाल ही में संपन्न हुई बैठक में समिति द्वारा गत वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया और आगामी आयोजन को सुचारू बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में समिति अध्यक्ष डॉ. शरद विजयवर्गीय, महामंत्री ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, सचिव अजय सिंह ठाकुर, संरक्षक द्वारका अग्रवाल, उपाध्यक्ष भगवानदास मालवीय, शशि श्रीवास्तव, कन्हैया लाल यादव, कोषाध्यक्ष बलवीर सिंह अरोरा, मंत्री ईश्वरसिंह ठाकुर, पूनम चंद फकीरा, आशुतोष विजयवर्गीय, लखन शर्मा, राकेश चौहान, संतोष शर्मा, यश वर्धन, राजेंद्र राठौर, अर्जुन यादव, भारत डोड और अशोक चोरे सहित मंडल के कई सदस्य उपस्थित रहे।

धार शहर में भादौ माह के दूसरे सोमवार को भगवान धारनाथ की शाही पालकी निकालने की यह परंपरा वर्षों पुरानी है। प्रतिवर्षानुसार आयोजित होने वाली इस धार्मिक यात्रा से न केवल शहर में भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल निर्मित होता है, बल्कि यह आयोजन स्थानीय समाज और परंपराओं को आपस में जोड़ने का एक प्रमुख माध्यम भी बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *