Headlines

रॉन्ग साइड से आ रही 2 स्कूल बसों पर ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई

काटा 4 हजार का चालान, बस मालिक और ड्राइवर को दी हिदायद

धार। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर सड़कों पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस सख्त रुख अपना रही है। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए उल्टी दिशा (रॉन्ग साइड) में दौड़ रही स्कूल बसों को पुलिस ने रोक लिया। बच्चों की जिंदगी जोखिम में डालने की इस लापरवाही पर पुलिस ने न केवल मौके पर चालानी कार्रवाई की, बल्कि बस संचालक को बुलाकर सख्त हिदायत भी दी।

यह मामला इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे का है, जहाँ यातायात पुलिस धार ने गश्त के दौरान नियमों का उल्लंघन करते वाहन चालकों के खिलाफ यह कार्रवाई की। पुलिस ने मॉडर्न अकैडमी हायर सेकेंडरी स्कूल की 02 बसों को हाईवे पर रॉन्ग साइड में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। यातायात पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों बसों को रुकवाया और चालान काटते हुए 4,000/- रुपए का समन शुल्क वसूल किया।

कार्रवाई केवल चालान काटने तक ही सीमित नहीं रही। यातायात पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए बस संचालक/ओनर को तुरंत मौके पर तलब किया। अधिकारियों ने बस मालिक को आमने-सामने बैठाकर समझाया कि रॉन्ग साइड में वाहन चलाने से कितनी गंभीर दुर्घटनाएँ हो सकती हैं और इससे मासूम विद्यार्थियों की जान को कितना बड़ा खतरा रहता है। पुलिस प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि स्कूल बसों का संचालन निर्धारित नियमों के तहत ही हो और विद्यार्थियों की सुरक्षा को हर हाल में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

नियमों की अनदेखी पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई 

यातायात प्रभारी प्रेमसिंह ठाकुर ने स्पष्ट कर दिया है कि स्कूल बसों सहित किसी भी वाहन को यातायात नियमों का उल्लंघन करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। हाईवे पर रॉन्ग साइड वाहन चलाने से भयानक सड़क हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है, इसलिए सभी वाहन चालकों को अपनी तय लेन और दिशा में ही वाहन चलाने की सख्त ताकीद की गई है। आने वाले दिनों में भी हाईवे पर इस तरह का चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों का सफर सुरक्षित बनाया जा सके और नियम तोड़ने वालों पर लगाम कसी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *