Headlines

धार में ओवरटेक के दौरान भिड़ीं दो बसें : स्कूल बस के 2 बच्चों सहित 18 यात्री घायल

पुलिस ने डायल-112 और निजी वाहनों से सभी घायलों को तुरंत पहुंचाया जिला अस्पताल

कलेक्टर-एसपी पहुंचे अस्पताल, घायलों से मिलकर हालचाल जाने

धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार निजी बस और स्कूल बस आपस में टकरा गईं। रफ्तार और ओवरटेक की होड़ के बीच हुए इस भीषण हादसे में तीन स्कूली बच्चों समेत 18 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

यह हादसा धार जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर ग्राम पीपलखेड़ा के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ‘ॐ साईं राम’ ट्रैवल की निजी यात्री बस और ‘गौतम स्कूल’ की बस के बीच यह दुर्घटना हुई। इंदौर की ओर जा रहे मार्ग पर स्कूल बस और एक ट्रक आगे चल रहे थे, तभी पीछे से आ रही निजी बस ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। जगह कम होने के कारण निजी बस सीधे स्कूल बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। 

इस हादसे में स्कूल बस में सवार 2 बच्चे (महिमा-14 वर्ष, लव-डेढ़ वर्ष आदि) और यात्री बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए। घायलों में अनिल (27), कुसुम (40), वीणा (68), सोनू (29), शिखा (34), पलक (28), विजय (46), प्रिया (35), जितेंद्र (35), गंगाबाई (40), बद्री लाल (35), अंजलि (20), पार्वती (38), ललिता (45), पार्वती (35) और पार्वती (35) शामिल हैं। घायलों में 2 बच्चे, 12 महिला, 4 पुरुष सहित कुल 18 है, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने डायल-112, पुलिस वाहनों और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत धार के जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी विजय डावर खुद जिला अस्पताल पहुंचे। 

अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना, चिकित्सकों को त्वरित व उचित प्राथमिक उपचार के निर्देश दिए और मरीजों से हादसे की परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

नेशनल हाईवे पर ओवरटेक करने के दौरान होने वाली यह दुर्घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करती है। हालांकि बस में सवार कुछ लोगों का दावा है कि हादसा स्कूल बस चालक की गलती की वजह से हुआ, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद अब स्कूल वाहनों की सुरक्षा और हाईवे पर ओवरटेकिंग के नियमों के सख्ती से पालन को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा जांच व सख्त कदम उठाए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *