छात्राओं ने विरोध कर वार्डन मीना सुतार को निलंबित करने की माँग की
छात्रावास के नए भवन व जांच को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
धार। बारिश में टपकती छत, ढहने की कगार पर खड़ा छात्रावास भवन और छात्राओं की सुरक्षा पर मंडराता खतरा धार जिले के गंधवानी ब्लॉक स्थित बालिका छात्रावास की बदहाली अब प्रशासनिक चौखट तक पहुंच गई है। छात्रावास की बालिकाएं सोमवार दोपहर को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची। बालिकाओं ने यहां पर नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
जयस छात्र संगठन के धार जिला अध्यक्ष चिंटू गिरवाल ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन धार एसडीएम राजकुमार हलदर को सौंपा। इस ज्ञापन में गंधवानी विकासखंड के ग्राम केशवी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास के जर्जर भवन का मुद्दा उठाते हुए छात्राओं को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और नवीन भवन निर्माण की मांग की गई है। इसके साथ ही छात्रावास वार्डन मीना सुतार पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने, उनकी पेटियां फेंकने और सहायक वार्डन के साथ मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि छात्रावास भवन अत्यंत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है और सभी कमरों में बारिश का पानी टपकता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जयस छात्र संगठन ने वार्डन के कथित कृत्य को प्रशासनिक लापरवाही और अनुशासनहीनता बताते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और वार्डन को निलंबित करने की मांग की है। यदि प्रशासन इन मांगों पर शीघ्र कदम नहीं उठाता है, तो छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर संगठन द्वारा आगामी दिनों में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी जा सकती है।
छात्राओं की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम हलदर ने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास का निरीक्षण करने और शिकायत की जांच करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने छात्राओं को आश्वासन दिया कि जांच के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
