Headlines

इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर 7.90 लाख रुपए के गहने और नकदी लूटकर बदमाश फरार

कार पंचर होने पर टायर बदलने के लिए रुके थे युवक और ड्राइवर 

धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर देर रात का सफर एक बार फिर असुरक्षित साबित हुआ। इंदौर से अहमदाबाद जा रहे एक युवक और उसके चालक को उस वक्त भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा, जब सुनसान रास्ते पर कार पंचर हो गई। टायर बदलने के लिए रुके इन दोनों पर तीन अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया और बेरहमी से मारपीट कर लाखों के सोने के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए।

यह घटना 15 अगस्त की रात (तड़के 2 से 3 बजे के बीच) सरदारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर ग्राम भेरूचौकी से करीब 8 किलोमीटर पहले घटित हुई। इंदौर के राजेंद्र नगर (स्कीम नंबर 103) निवासी 27 वर्षीय हर्ष संगतानी अपने चालक शोएब (निवासी खजराना, इंदौर) के साथ कार से अहमदाबाद जा रहे थे। रास्ते में वाहन का टायर पंचर होने पर दोनों उसे बदलने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान आए तीन अज्ञात बदमाशों ने चालक को थप्पड़ मारे और हर्ष पर लाठियों से वार कर दिए, जिससे उनके दाहिने हाथ, कंधे और पीठ पर चोटें आईं। बदमाश हर्ष से सोने की चेन (कीमत 3.30 लाख रुपए), सोने का कड़ा (कीमत 4 लाख रुपए), सोने की बाली (कीमत 50 हजार रुपए) और 10 हजार रुपए नकद से भरा बैग कुल 7 लाख 90 हजार रुपये का मशरूका लूटकर भाग निकले।

वारदात के बाद गहरे खौफ और घबराहट में होने के कारण फरियादी तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। स्थिति सामान्य होने पर 17 अगस्त सोमवार की रात पीड़ित ने सरदारपुर थाने में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात तीनों बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ देर रात सक्रिय रहने वाले गिरोहों का सुराग जुटाने में लग गई है, ताकि आरोपियों की जल्द शिनाख्त कर लूटा गया माल बरामद किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *