Headlines

धार में पति के साथ टहल रही महिला के गले से झपटा 60 हजार का मंगलसूत्र

धार। शाम की शांति और सड़क पर सुकून भरी चहलकदमी उस वक्त दहशत में बदल गई, जब तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात बाइक सवार ने पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दे दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना नौगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रकाश नगर (धार-इंदौर रोड) की है। सोमवार, 17 अगस्त  की रात करीब 8:00 बजे 81, प्रकाश नगर निवासी 60 वर्षीय अंजलि रणदिवे अपने पति आनंद रणदिवे के साथ घर के पास टहल रही थीं। इसी दौरान धार-इंदौर रोड की ओर से सामने आए एक अज्ञात बाइक चालक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। छीने गए मंगलसूत्र में सोने की चेन, छोटी कटोरी और सोने के मोती शामिल थे, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60,000 रुपये है।

वारदात के तुरंत बाद पीड़िता थाने पहुंचीं, जहां पुलिस ने रात को अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। मुख्य मार्ग पर हुई इस लूट से स्थानीय रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब आरोपी की पहचान और तलाश के लिए आसपास के रास्तों व सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *