भगवान वराह के प्राकट्योत्सव पर सनातन प्रहरी निकालेगा भव्य वाहन रैली
धार। भगवान विष्णु के तृतीय अवतार भगवान वराह के प्राकट्योत्सव और समाज जागरण के संकल्प के साथ इस वर्ष नगर में एक भव्य वाहन रैली का आयोजन होने जा रहा है। सनातन प्रहरी संगठन द्वारा आगामी 15 सितंबर को ‘वराह मार्च’ (वाहन रैली) निकाली जाएगी, जिसकी रूपरेखा तय करने के लिए स्थानीय मिलन महल में समाजजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तय योजना के अनुसार, आगामी 15 सितंबर को यह वराह मार्च पीजी कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मार्तंड प्रसाद (विजय मंदिर) पहुंचेगा। इस आयोजन में अधिक से अधिक समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 10 रुपये का पंजीयन शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसके माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को रैली का निमंत्रण दिया जाएगा। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों को आगामी रैली के संचालन हेतु विभिन्न दायित्व भी सौंपे गए।

आयोजन की सफलता के लिए गठित समिति में वराह मार्च के संयोजक विजय बहादुर सिंह एवं सहसंयोजक हीरा मौर्य को बनाया गया है। वहीं यात्रा के महाप्रबंधक का दायित्व साकेत अग्रवाल संभालेंगे। सनातन प्रहरी के संयोजक विक्रम रोधले, सहसंयोजक शैलेंद्र चौरसिया, उपाध्यक्ष विजय दवे, रवि लश्करी, राजेश डोड, मंत्री संदीप मालवीय, भगीरथ टॉक, प्रमोद किराड़े, प्रचार प्रमुख बाला शीतोले, सह-प्रचार प्रमुख संजय पिपलौदिया, कोषाध्यक्ष पंकज बोदड़े तथा मार्गदर्शक प्रेम रनोजा को नियुक्त किया गया है।
बैठक के दौरान हिंदू जागरण मंच के आशीष बसु ने वराह अवतार के ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस प्रकार हिरण्याक्ष द्वारा पृथ्वी को समुद्र में छिपाने पर भगवान विष्णु ने वराह रूप धरकर उसका वध किया और पृथ्वी का उद्धार किया, उसी प्रेरणा से हमें भी अपनी धरती और भारत माता की रक्षा का संकल्प लेना होगा। उन्होंने समाज को सजग रहने और संगठित होकर आगे आने का आह्वान किया। प्रचार प्रमुख बाला शीतोले ने बताया कि इस मार्च का मुख्य उद्देश्य समाज में जागृति लाना और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति निष्ठा को सुदृढ़ करना है।
