Headlines

बेटी से बातचीत पर विवाद : पड़ोसी के घर पर तोड़फोड़ करने वाले शासकीय कर्मचारी और पुत्र पर FIR दर्ज

नौगांव, कोतवाली, तिरला थाना पुलिस और सीएसपी ने दी दबिश, आरोपी फरार

पुलिस ने पीड़ित परिवार से मिलकर घटनाक्रम की ली जानकारी

धार। कॉलेज में साथ पढ़ने वाले दो युवाओं की दोस्ती और बातचीत को लेकर दो पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक रूप में तब्दील हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे के घर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

​यह घटना 18 अगस्त मंगलवार की रात लगभग 10:00 बजे नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर कॉलोनी की है। यहां रहने वाले संजय चौहान, उनके पुत्र और अन्य साथियों ने अपने पड़ोसी विजय सक्सेना के घर पहुंचकर उनके बेटे द्वारा अपनी बेटी से बातचीत व मिलने को लेकर कड़ा ऐतराज जताया और विवाद किया। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार, स्कूटी सहित अन्य वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। मामले में पुलिस ने संजय चौहान और उनके पुत्र के विरुद्ध धारा 296(ए), 324, 351(2), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत केस दर्ज किया है।

​सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर के अनुसार, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नौगांव, कोतवाली, तिरला थाना और पुलिस लाइन के अतिरिक्त बल के साथ आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी फरार हैं। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर व सोशल मीडिया अकाउंट्स की तकनीकी जांच कर रही है और उनकी तलाश में लगातार छापे मारे जा रहे हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक-युवती पूर्व से पड़ोसी हैं और धार कॉलेज में एक साथ अध्ययनरत हैं। दोनों के बीच पूर्व में दोस्ती और बातचीत को लेकर पारिवारिक व सामाजिक स्तर पर समझाइश भी दी गई थी।

सीएसपी गुर्जर ने स्पष्ट किया है कि मुख्य आरोपी संजय चौहान एक शासकीय कर्मचारी हैं, इसलिए पुलिस द्वारा उनके संबंधित विभाग को भी इस आपराधिक प्रकरण की औपचारिक सूचना भेजी जा रही है, जिससे उनके खिलाफ कार्यालयीन स्तर पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई तय होगी। साथ ही घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उन पर भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *