गोदाम से टायर और आयशर से 97 लीटर डीजल चोरी हुआ बरामद
धार। ताले चटकाकर ट्रकों से डीजल और गोदामों से सामान उड़ाने वाले निगरानी बदमाशों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। मनावर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक शातिर बदमाश को धर दबोचा और पुलिस की गिरफ्त में शातिर बदमाश ‘मुच्छी’ उसके कब्जे से चोरी किया गया सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया।
सीसीटीवी से खुला वारदात का राज
मामले के अनुसार, 11 सितंबर को सिंघाना रोड मनावर निवासी फरियादी अरशद पिता सल्लू खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, 16 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी ने उनके घर में बने गोदाम का ताला तोड़कर एमआरएफ (MRF) कंपनी का एक टायर चुराया और परिसर में खड़े आयशर वाहन के टैंक का लॉक तोड़कर 97 लीटर डीजल निकाल लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 331(4), 305(a) व 305(b) के तहत अपराध क्रमांक 632/2026 पंजीबद्ध किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और 20 वर्षीय आरोपी कासिम उर्फ मुच्छी पिता जाकिर खान (निवासी सिंघाना रोड, मनावर) को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया टायर और 97 लीटर डीजल भी बरामद कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में उनि प्रशांत पाल, प्रआर ललित कुमरावत और आरक्षक रामेश्वर की मुख्य भूमिका रही।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़ा गया आरोपी कासिम उर्फ मुच्छी इलाके का आदतन व निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम जैसे संगीन मामलों में अपराध दर्ज हैं। इलाके में लगातार सक्रिय इस निगरानी बदमाश की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
