Headlines

धार में अनंत चतुर्दशी पर झांकी और विसर्जन को लेकर ट्रैफिक रूट डायवर्ट

शहर में चार पहिया व लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर रोक

धार। अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर शहर में निकलने वाले भव्य झांकी चल समारोह और गणेश विसर्जन को सुगम व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था का मजबूत खाका तैयार किया है। 25 सितंबर को आयोजित होने वाले इस आयोजन के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।

जिला पुलिस बल और यातायात पुलिस थाना धार द्वारा 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी विसर्जन एवं झांकी चल समारोह के अवसर पर धार शहर में व्यापक यातायात व मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। शहर में व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारी वाहनों के लिए मुख्य प्रवेश नाकों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं, जबकि झांकी मार्ग को पूरी तरह से वाहन-मुक्त (नो-व्हीकल जोन) रखा गया है।

भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान

यातायात पुलिस के अनुसार शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए निम्नलिखित मार्ग तय किए गए हैं:

  • इन्दौर नाका : शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को इन्दौर नाका से श्याम ढाबा व जेतपुरा की ओर मोड़ा जाएगा।
  • श्याम ढाबा : गुजरी और नालछा की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को श्याम ढाबा से इंदौर नाका, जेतपुरा (NH-47) की ओर भेजा जाएगा।
  • रतलाम नाका : रतलाम नाका (ब्रिज के पास) से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। गुजरी की तरफ जाने वाले भारी माल वाहन जेतपुरा गौतम स्कूल के पास धरावरा फाटा होते हुए निकल सकेंगे।
  • मतलबपुरा : कस्बा तिरला की तरफ से आने वाले वाहनों को मतलबपुरा कट पॉइंट से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं NH-47 (लबरावदा फाटा) की ओर से आने वाले भारी वाहन मतलबपुरा से होकर राजनंदिनी/पुराना बायपास होते हुए मांडव नाका व इन्दौर नाका की ओर जा सकेंगे।

झांकी मार्ग और स्थानीय डायवर्जन

अनंत चतुर्दशी का मुख्य चल समारोह मोहन टॉकीज से शुरू होकर हटवाड़ा, आनंद चौपाटी, पट्ठा चौपाटी, काजीवाड़ा, नालछा दरवाजा, नृसिंह चौपाटी, पीपली चौपाटी, धानमंडी श्याम-शू, हाथी थान खूंट, राजवाड़ा, राय चौपाटी होते हुए पुनः आनंद चौपाटी पहुंचेगा।

  • ​इस पूरे झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
  • ​चल समारोह के दौरान घोड़ा चौपाटी, मोदी पम्प के सामने, चन्देल भवन, कश्यप भवन, हटवाड़ा, छत्री तिराहा एवं झण्डा चौपाटी से वाहनों को पूर्णतः डायवर्ट किया जाएगा।
  • ​शहर के भीतरी हिस्सों में समस्त प्रकार के लोडिंग वाहन व चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, स्कूल बसों का आवागमन जारी रहेगा और यात्री बसों को मौके की परिस्थिति के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा।

श्रद्धालुओं व पालकी के वाहनों के लिए पार्किंग

  • किला मैदान : इंदौर, रतलाम एवं मांडव की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था किला मैदान के अंदर की गई है।
  • कृषि उपज मंडी : तिरला एवं सरदारपुर की दिशा से आने वाले वाहनों को कृषि उपज मंडी धार के भीतर पार्क कराया जाएगा।

प्रतिवर्ष अनंत चतुर्दशी पर शहर में विशाल झांकी चल समारोह निकलता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से ही रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी करने से त्योहार के दिन मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी और विसर्जन जुलूस सुचारू रूप से संपन्न हो सकेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *