धार। कारोबार में हुए घाटे और रुपयों के विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि साथियों ने ही मिलकर एक युवक को जबरन कार में खींच लिया और रफूचक्कर हो गए। हालांकि, धार जिले की धरमपुरी पुलिस की मुस्तैदी के आगे आरोपियों के मंसूबे पस्त हो गए और पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर उज्जैन से तीन आरोपियों को धर दबोचा।
धरमपुरी निवासी फिरोज खान (52 वर्ष) के अनुसार, उनका बेटा अरबाज खान इंदौर में एडवाइजरी का काम करता था और उज्जैन निवासी आसिफ के साथ साझे में कार्यरत था। 23 सितंबर की रात करीब 9 बजे, कारोबार में हुए घाटे व रुपयों के लेन-देन के विवाद को लेकर आसिफ अपने साथियों के साथ आया और अरबाज को जबरन अपनी अर्टिगा कार में बैठाकर ले गया। पिता की शिकायत पर 24 सितंबर को धरमपुरी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 310/2026, धारा 140(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) विजय डावर, एसडीओपी मनावर दीपांशु के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने उज्जैन में दबिश देकर 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों मोहम्मद इरफान मुल्तानी (37 वर्ष), मो. जफर मंसुरी (36 वर्ष) और आसिफ शेख (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी, उपनिरीक्षक रवि वास्के, प्रधान आरक्षक वेस्ता सोलिया तथा आरक्षक लक्ष्मण जमरा व संजेश की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस अब मामले में शामिल तीन अन्य फरार आरोपियों इमरान उर्फ बिल्ला, जफर (निवासी मक्सी, देवास) और ड्राइवर वीरेंद्र की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी और विवाद से जुड़े अन्य वित्तीय पहलुओं की पूरी कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी।
