धार। स्कूल आते-जाते समय रास्ते में पीछा करना और अश्लील टिप्पणियां कर परेशान करना एक युवक को भारी पड़ गया। नाबालिग छात्रा की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पीथमपुर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे सीधे जिला जेल धार पहुंचा दिया।
यह कार्रवाई 1 अक्टूबर को सेक्टर-01 थाना पुलिस द्वारा औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर (जिला धार) में की गई। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय रोहित पटेल (पिता बसंत कुमार पटेल) के रूप में हुई है, जो मूलतः ग्राम महगुवा, जिला नरसिंहपुर का निवासी है और वर्तमान में पीथमपुर की छत्रछाया कॉलोनी में रह रहा था। पीड़िता के अनुसार आरोपी काफी समय से उसके स्कूल व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने के दौरान लगातार पीछा करता था और उस पर अशोभनीय व आपत्तिजनक फब्तियां कसता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 78(2), 79, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(i)/12 व 11(iv)/12 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आरोपी की धरपकड़ में निरीक्षक प्रवीण ठाकरे, उपनिरीक्षक दशरथसिंह मंडलोई और प्रधान आरक्षक अनिल द्विवेदी की अहम भूमिका रही।
स्कूल व कोचिंग जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सख्त रुख अपना रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के खिलाफ पॉक्सो और बीएनएस की कठोर धाराओं के तहत की गई इस त्वरित कार्रवाई से न केवल ऐसे असामाजिक तत्वों में कानूनी भय पैदा होगा, बल्कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली अन्य छात्राओं और उनके परिजनों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास भी और अधिक मजबूत होगा।
