Headlines

राजोद में मजदूरों से भरी पिकअप रोकने पर भारी बवाल : थाने के सामने चक्काजाम

पुलिसकर्मियों पर लाठी और पथराव के आरोप में 10 नामजद सहित अन्य पर केस दर्ज

मजदूरों की जान जोखिम में डालने से टोका तो ट्रेलर ट्रक अड़ाकर किया रोड जाम

धार। पिकअप वाहन में क्षमता से कहीं अधिक मजदूरों को भरकर ले जाने से रोकने की कानूनी समझाइश देना पुलिस टीम को उस वक्त भारी पड़ गया, जब वाहन से जुड़े लोगों ने थाने के सामने मुख्य मार्ग पर ट्रेलर ट्रक आड़ा कर चक्काजाम कर दिया। समझाइश देने और रास्ता खुलवाने पहुंचे पुलिस जवानों पर न केवल लाठियों से हमला किया गया, बल्कि डायल 112 की टीम पर पथराव कर वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में प्रधान आरक्षक और सैनिक समेत पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

यह पूरी घटना धार जिले के थाना राजोद क्षेत्र अंतर्गत 1 अक्टूबर बुधवार की शाम 7:30 से 8:30 बजे के बीच घटी। पुलिस बल जब ग्राम रानीखेड़ी मार्ग पर दुर्घटना की आशंका के चलते पिकअप चालकों को समझाइश दे रहा था, तभी वाहन क्रमांक MP 11 G 6116 में 30 से 35 मजदूरों को भरकर ले जाया जा रहा था। जब पुलिस ने चालक राजेश पिता सुखराम (निवासी सारोटी) को रोककर सवारियां उतारने को कहा, तो वह मौके से खिसक गया। इसके बाद गोकुल खदेड़ा नामक व्यक्ति ने खुद को चालक बताते हुए कानून मानने से इनकार कर दिया। कानूनी कार्रवाई के लिए जब मामला थाने लाया गया, तब मुख्य आरोपी राजेश अपने साथियों लेखराज, गोपाल, प्रकाश, जितेंद्र, राकेश, लखन, नंदराम, गोकुल, राधेश्याम (सभी निवासी ग्राम सारोटी) तथा 5-7 अन्य लोगों को लेकर पहुंच गया।

मार्ग बाधित कर पुलिस पर हमला

उपद्रवियों ने एक ट्रेलर ट्रक चालक को हटाकर वाहन को सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया और आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। मौके पर जब पुलिस ने मार्ग बहाल कराने का प्रयास किया, तो आरोपी राजेश ने डंडे से प्रधान आरक्षक हकरिया गणावा पर हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ और बाएं हाथ की उंगली में गंभीर चोटें आईं। उपद्रवियों ने आम राहगीरों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। 

संदला में भी किया मार्ग अवरुद्ध 

इसके बाद आरोपियों ने ग्राम संदला पहुंचकर भी मार्ग अवरुद्ध किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 के प्रधान आरक्षक मुकेश परमार, आरक्षक महेंद्र वसुनिया और सैनिक राजेश पर आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हुआ, आरक्षक मुकेश को धक्का देकर गिराने से उनकी कलाई में चोट आई और सैनिक के साथ भी मारपीट की गई।

आरोपियों पर की सख्त कानूनी कार्रवाई 

शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने और आम रास्ता अवरुद्ध करने के इस मामले में राजोद पुलिस ने 2 अक्टूबर बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात 12:33 बजे त्वरित कायमी की। पुलिस ने आरोपी राजेश मुनिया, लेखराज, गोपाल, प्रकाश, जितेंद्र, राकेश, लखन, नंदराम, गोकुल, राधेश्याम सहित 5 से 7 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध 126(2), 132, 121(2), 296(B), 191(2) और 125 के तहत गंभीर प्रकरण पंजीबद्ध किया है। इस सख्त कानूनी कार्रवाई से स्पष्ट है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने और जान जोखिम में डालकर अनियंत्रित परिवहन करने वालों पर पुलिस का रुख अब और अधिक सख्त रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *