Headlines

धार नगर पालिका में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर

एक ही छत के नीचे सुलझीं जनता की समस्याएं, हाथों-हाथ मिला योजनाओं का लाभ

धार। सरकारी दफ्तरों की सीढ़ियां चढ़ने और फाइलों के आगे बढ़ने का अंतहीन इंतजार अब बीते दिनों की बात साबित हो रहा है। आम नागरिक, किसान, मजदूर और महिलाएं जब सीधे अधिकारियों के सामने बैठे, तो जटिल औपचारिकताएं दूर हुईं और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निपटारा हो गया।

​धार नगर पालिका परिषद परिसर में प्रदेशव्यापी ‘सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत एक विशाल मेगा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा बोडाने, तहसीलदार दिनेश उईके और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कु. विश्वनाथ सिंह ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पार्षद सुमित्रा मकवाना, हुकुम लश्करी, कालीचरण सोनवानिया और शिव पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों तथा नपा कर्मियों ने सहभागिता की। पूरे आयोजन का समन्वय और जानकारी नपा अधीक्षक संजय सिंह ठाकुर ने साझा की।

​शिविर परिसर में राजस्व, स्वास्थ्य, खाद्य एवं आपूर्ति, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, कौशल विकास, सामाजिक न्याय, मत्स्य पालन तथा स्कूल शिक्षा जैसे प्रमुख विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख हितग्राही योजनाओं के आवेदन मौके पर स्वीकार किए गए और पात्रता के आधार पर नागरिकों को तत्काल लाभ वितरित किए गए। राजस्व विभाग से जुड़ी सेवाओं का भी त्वरित समाधान किया गया, जिससे वंचित और कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिली।

​सीएमओ कु. विश्वनाथ सिंह ठाकुर के अनुसार, इस पहल को ‘जन-विश्वास अभियान’ के साथ जोड़ा गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से आने वाले समय में न केवल योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक बिना रुकावट पहुंचेगा, बल्कि जनता और शासन के बीच पारदर्शिता, जवाबदेही और भरोसे का एक स्थायी तंत्र भी मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *