धार। जिले में बेखौफ बदमाशों ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धावा बोलकर सनसनी फैला दी। कहीं दिन-दहाड़े सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया गया, तो कहीं देर रात हथियारों से लैस होकर घुसे नकाबपोशों ने पूरे परिवार को दहशत में डालकर लूटपाट की। इन दोनों वारदातों ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना धरमपुरी थाना क्षेत्र के मक्का मोहल्ला में हुई। यहाँ 8 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से रात 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने 27 वर्षीय सोहेल खान के सूने घर को निशाना बनाया। बदमाश अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने का हार, अंगूठी, चांदी की पायजेब, बिछिया, चांदी की चैन और 1,10,000 रुपए की नकदी सहित करीब 2 लाख रुपए का माल समेट ले गए।
बंदूक, फालिया और डंडों से लैस बदमाशों ने मचाया आतंक
वहीं दूसरी वारदात मनावर थाना अंतर्गत ग्राम सिंघाना में घटी। यहाँ 9 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच ताड़किया हनुमान मंदिर के पास रहने वाले 35 वर्षीय रवि वर्मा के घर बंदूक, फालिया और डंडों से लैस 2-3 बदमाश दाखिल हुए। घर का सामान अस्त-व्यस्त कर बदमाशों ने सोने का मंगलसूत्र, पेंडल, मोहनमाला, चांदी की पायजेब और 40,000 रुपए नकद चुरा लिए। फरियादी के चिल्लाने पर परिजन व पड़ोसी जागे, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध दर्ज कर लिए हैं। धरमपुरी पुलिस ने धारा 305(ए) व 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है, जबकि मनावर थाना पुलिस ने रवि वर्मा की शिकायत पर धारा 307 और 331(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
एक ही जिले में एक के बाद एक हुई इन वारदातों से ग्रामीणों और नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता पैदा हो गई है। जिस तरह से मनावर में हथियारों के दम पर वारदात को अंजाम दिया गया, उससे क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और अज्ञात बदमाशों की जल्द धरपकड़ का दबाव पुलिस प्रशासन पर बढ़ गया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
