48 घंटे के ऑपरेशन के बाद 37 क्विंटल फसल बरामद
धार। जंगलों और दुर्गम घाटियों की आड़ में चल रहे नशे के एक बड़े गोरखधंधे को धार जिले की राजगढ़ पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। घने वन क्षेत्र की भौगोलिक बनावट और कपास-तुवर की फसलों के बीच छिपाई गई गांजे की हरी-भरी खेती पर जब पुलिस का छापा पड़ा, तो वहां से 4.43 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध फसल बरामद हुई। नशे के सौदागरों ने कानून की नजरों से बचने के लिए जंगल के निचले हिस्सों को अपनी ढाल बना रखा था, लेकिन पुलिस की दो दिनों की दिन-रात सर्चिंग ने पूरे मंसूबे पर पानी फेर दिया।
धार जिले के थाना राजगढ़ अंतर्गत ग्राम चौबारा के वन क्षेत्र में 13 अक्टूबर को यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी गई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के नशामुक्ति अभियान के तहत, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापूरकर और एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में यह ऑपरेशन शुरू हुआ।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने धार-झाबुआ सीमावर्ती जंगल में लगातार 48 घंटे तक सघन कॉम्बिंग की। इस दौरान पुलिस ने मौके से 3,345 गांजे के पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनका कुल वजन 3,695 किलोग्राम (लगभग 37 क्विंटल) पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी राजू पिता डूंगर सिंह भूरिया ने जंगल की जमीन पर अतिक्रमण कर कपास और तुवर की सामान्य फसलों के बीच गांजे की अवैध बुवाई की थी, ताकि सामान्य नजर में यह पकड़ में न आ सके। पुलिस ने आरोपी राजू भूरिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी समीर पाटीदार सहित उप निरीक्षक निहाल सिंह दंडोतिया, चौकी प्रभारी तिरला, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र सांखला, सैयद अहमद और प्रधान आरक्षक व आरक्षकों की टीम की अहम भूमिका रही।
सीमावर्ती वन क्षेत्रों में फसलों की आड़ में मादक पदार्थों की खेती का यह खुलासा अंतर-जिला तस्करी नेटवर्क की ओर इशारा करता है। पुलिस अब फरार आरोपी के संभावित सहयोगियों, रिश्तेदारों और इस अवैध उपज की सप्लाई चेन से जुड़े तस्करों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
इस जब्ती से न केवल इलाके में सक्रिय नशा सिंडिकेट को बड़ा आर्थिक झटका लगा है, बल्कि आने वाले दिनों में जंगलों में अतिक्रमण और अवैध खेती से जुड़े अन्य चेहरों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
