Headlines

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : कपास की आड़ में लहलहा रहे थे गांजे के पौधे, 4.43 करोड़ का अवैध माल जब्त

चोबारा में खेत से 36 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद, आरोपी पर NDPS एक्ट में केस

धार। खेतों में कपास की फसल के बीच छुपाकर की जा रही अवैध गांजे की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद राजगढ थाना पुलिस ने ग्राम चोबारा में दबिश देकर करोड़ों रुपये मूल्य का हरा गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कपास के पौधों के बीच गांजे के पौधे लगा रखे थे।

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि राजगढ थाना क्षेत्र के ग्राम चोबारा निवासी राजु भुरिया (पिता डुंगरसिंह भुरिया) ने अपने कब्जे वाले खेत में कपास की फसलों के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस टीम द्वारा 13 अक्टूबर की शाम 3:50 बजे से 15 अक्टूबर की रात 8:00 बजे के बीच चलाए गए सघन अभियान के दौरान मौके से कुल 3,345 गांजे के पौधे जब्त किए गए। बरामद किए गए पौधों का कुल वजन 3,695.15 किलोग्राम (लगभग 37 क्विंटल) आंका गया है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 4 करोड़ 43 लाख 41 हजार 800 रुपये है।

कार्रवाई के उपरांत राजगढ पुलिस ने 16 अक्टूबर (गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात) को तड़के 02:11 बजे आरोपी राजु भुरिया के विरुद्ध स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 8/20 के तहत विधिवत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इतने बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति किन नेटवर्क और तस्करों के जरिए करने की फिराक में था। इस जब्ती से क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *