Headlines

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : कपास की आड़ में लहलहा रहे थे गांजे के पौधे, 3 खेतों से 2.42 करोड़ का अवैध माल जब्त

पुलिस ने 16 क्विंटल से अधिक वजन के पौधे किए जब्त

धार। जिले के मनावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुहारला में खेतों से कपास के स्थान पर अवैध नशे की खेती का पर्दाफाश हुआ है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उमरबन चौकी पुलिस ने बुहारला के तीन अलग-अलग खेतों में एक साथ दबिश दी। कपास की ऊंची फसलों के बीच छिपाकर लगाए गए हरे-गीले गांजे के पौधे देखकर पुलिस टीम भी चौंक गई। शुक्रवार को दिनभर चली इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 16 क्विंटल 21 किलो से अधिक वजनी गांजे के पौधे जब्त किए हैं, जिनका बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 42 लाख 50 हजार 700 रुपये आंका गया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई 16 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह 10:00 बजे से रात 09:30 बजे तक ग्राम बुहारला के तीन अलग-अलग खेतों में संचालित की गई। पहली कार्रवाई बयड़ीपुरा (ग्राम बुहारला) स्थित नारायण पिता प्रताप भीलाला के कपास वाले खेत में हुई, जहाँ से 440 नग गांजे के पौधे जब्त किए गए; इनका कुल वजन 705.75 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 1 करोड़ 5 लाख रुपये है।

दूसरी कार्रवाई मुलचंद पिता अर्जुन कनेल के खेत पर की गई, जहाँ से 7 क्विंटल 63 किलो 580 ग्राम गांजे के पौधे मिले, जिनकी कीमत 1 करोड़ 14 लाख 700 रुपये दर्ज की गई। वहीं, तीसरी कार्रवाई खसरा नंबर 27/2/5 में रतन पिता रूपसिंह के कब्जे वाले खेत में हुई, जहाँ से 215 नग पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 152.65 किलोग्राम और मूल्य 22 लाख 80 हजार रुपये है।

कार्रवाई पूरी होने के बाद 17 अक्टूबर की देर रात (00:08 बजे से 00:52 बजे के बीच) थाना मनावर में तीनों मामलों के आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

कपास जैसी नकदी फसल के बीच गांजे की अवैध खेती करने का यह तरीका पुलिस जांच का मुख्य केंद्र बन गया है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि इन खेतों में तैयार होने वाला नशा किन-किन अंतर्राज्यीय या स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-सा सिंडिकेट काम कर रहा है। मामले में दर्ज मुकदमों के बाद आरोपियों की धरपकड़ और उनसे जुड़े वित्तीय व व्यापारिक संपर्कों पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *