Headlines

अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

2 पिस्टल, 8 देशी कट्टे और 6 कारतूस बरामद, एक आरोपी फरार

धार। जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिंघाना चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, 12 बोर के आठ देशी कट्टे और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हथियारों के कारोबार में शामिल एक अन्य आरोपी पवन भाटिया फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 13,500 रुपए नकद सहित करीब 2.10 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघाना चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ब्राह्मणपुरी के बयडीपुरा में नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग हथियार बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत भाटिया निवासी सिंघाना, शादाब खान और शैजाद अली निवासी महिदपुर सिटी, जिला उज्जैन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। हथियारों के निर्माण और खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, सिंघाना चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अनुप बघेल सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *